नौतनवा। जगरनाथपुर निवासी रमेश पासवान ने मुख्यमंत्री, मानवाधिकार आयोग एवं एससी-एसटी आयोग को पत्र भेजकर अपने लड़के की हत्या के आरोपियों की गिरफ्तारी और विवेचक बदलने का मांग की है। रमेश पासवान ने कहा है कि उनके पुत्र रोहित पासवान (15) पंडितपुर निवासी बैजनाथ यादव के कंबाइन मशीन पर दिन रात काम करता था। आरोप लगाया कि 4 दिसंबर की रात बैजनाथ, बबलू, दिलीप और दो अन्य लोगों ने मिलकर उनके लड़के की हत्या कर सेमरा चौराहे के निकट पेट्रोल पंप के समीप फेंक दिया।
बाद में बिना उन्हें जानकारी दिए शव को सोनौली कोतवाली पहुंचा दिया गया। शोरगुल में पता चला कि उन लोगों ने ही उनके पुत्र की हत्या की है। राजनीतिक प्रभाव के कारण कोतवाली सोनौली पुलिस कार्रवाई नहीं कर रही थी। 7 दिसंबर को जब उसने सड़क पर शव रखकर आंदोलन किया तब जाकर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज किया।
लेकिन अभी तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। पुलिस उलटे सड़क पर आंदोलन को लेकर आठ नामजद व चार सौ अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी की धमकी दे रही है और सुलह के लिए दबाव बना रही है। विवेचना अधिकारी आरोपियों के रिश्तेदार होने के कारण हत्या की धारा बदलने की कोशिश में हैं। उनके विवेचक रहते न्याय मिलना असंभव है। रमेश पासवान ने जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी और किसी सक्षम अधिकारी से विवेचना कराने की मांग की है।