व्यापारी से मांगी रंगदारी, मुठभेड़ में दो पकड़े गए
- फोटो : अमर उजाला
महराजगंज। श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के परतावल बाजार के एक व्यवसायी को फोन कर दस लाख रुपये की रंगदारी मांगने वाले चार अंतर्राज्यीय बदमाशों में से दो को पुलिस मुठभेड़ में धर दबोचा है। दो बदमाश फायरिंग करते हुए भाग निकलने में सफल हो गए। व्यापारी को रंगदारी के लिए 26 सितंबर को फोन आया था।
एसपी आरपी सिंह ने बृहस्पतिवार को बताया कि परतावल बाजार के एक व्यापारी ने श्यामदेउरवा थाने में तहरीर देकर रंगदारी मांगे जाने की शिकायत की थी। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया और मुकदमा दर्ज कर श्यामउेदरवां, पनियरा, घुघली थाने की पुलिस और स्वॉट प्रभारी व सर्विलांस टीम को जांच की जिम्मेदारी सौंप दी। बुधवार की रात मुखबिर ने रंगदारी मांगने वाले बदमाशों के बाइक से पिपराइच की ओर से आने की खबर दी। पुलिस बदमाशों को गिरफ्तार करने के लिए धनहां लखिमा के बीच पुलिया के पास पहुंच गई। कुछ देर में बदमाश वहां से गुजरे तो पुलिस ने टॉर्च जलाकर रुकने का संकेत किया। इस पर बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की ओर से की गई फायरिंग में गुड्डू शर्मा और निहाल खान घायल हो गए, जबकि उनके दो साथी अंधेरे का लाभ उठाकर फायरिंग करते हुए भाग निकले। गिरफ्तार किए गए दोनों बदमाश बिहार के सिवान जिले के रहने वाले हैं। उनके पास सें एक बाइक, दो कट्टा, दो कारतूस व मोबाइल बरामद की गई है। पूछताछ में बदमाशों ने रंगदारी मांगने की बात स्वीकार की है। एसपी ने बदमाशों को गिरफ्तार करने वाली टीम को दस हजार रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा की है।