जंगल फर्जंदली गांव में करंट से छात्र की मौत
- फोटो : अमर उजाला
महराजगंज। सदर कोतवाली क्षेत्र के जंगल फर्जंदली गांव में झूल रहा बिजली का तार छात्र की मौत का कारण बन गया। स्कूल से लौटते समय छात्र गांव में पहुंचा लेकिन घर से कुछ ही दूरी पर झूल रहे विद्युत तार की चपेट में आकर करंट से झुलस गया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। छात्र की मौत से परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है। गांव के लोगों ने विद्युत निगम के प्रति नाराजगी जताई।
जंगल फर्जंदली गांव के रहने वाले दिग्विजय गुप्ता (18) बृहस्पतिवार को महराजगंज जीएसवीए इंटर कॉलेज से पढ़ाई कर घर लौट रहा था। गांव के लोगों ने बताया कि दिग्विजय अभी घर से थोड़ी दूरी पर ही था कि सड़क के किनारे झूल रहे तार की चपेट आकर झुलस गया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। गांव के लोगों ने विद्युत निगम को सूचना देकर बिजली कटवाई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दिग्विजय के पिता मंगरू ने बताया कि वह इंटरमीडिएट में पढ़ता था। पढ़ाई में तेज था। घर पर भी पूरे मनोयोग से पढ़ाई करता था। लोगों ने बताया कि तीन भाइयों में दिग्विजय सबसे बड़ा था। उसका भाई सूरज (17) एवं अर्जुन (13) सहित परिवार के अन्य लोगों का रो रो कर बुरा हाल हो गया। मां नंदलावती देवी रह रह कर बेहोश हो जा रही थीं। बड़हरा रानी के ग्राम प्रधान अजय धर दूबे, बबलू सिंह आदि ने विद्युत निगम के अधिकारियों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए उसकी कार्यप्रणाली के प्रति नाराजगी जताई। इन लोगों ने आरोप लगाया कि विद्युत निगम के अधिकारियों से तार ठीक कराने के लिए कई बार शिकायत की गई लेकिन अधिकारियों ने ध्यान नहीं दिया। उधर, हादसे के बाद विद्युत वितरण खंड प्रथम के अधिशासी अभियंता हरिशंकर ने कहा कि ढीले तारों को जल्द ही ठीक करा दिया जाएगा।