इधर शिकायत, उधर लेखपाल निलंबित
- फोटो : अमर उजाला
महराजगंज। जिलेे के सभी थानों में शनिवार को थाना समाधान दिवस का आयोजन किया गया। उधर, थाना समाधान दिवस पर जिलाधिकारी अमरनाथ उपाध्याय और एसपी रोहित सिंह सजवान ठूठीबारी कोतवाली में लोगों की शिकायतों की सुनवाई करने पहुंचे। इस दौरान तुर्कहियां गांव में लेखपाल और सफाईकर्मी के ने आने की शिकायत मिली। इस पर जिलाधिकारी ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को संबंधित लेखपाल व सफाईकर्मी को निलंबित करने के निर्देश दिए। थाना समाधान दिवस पर जिले के विभिन्न थानों में कुल 79 शिकायतें आईं। इनमें से मौके पर 23 का निस्तारण किया गया।
एसपी रोहित सिंह सजवान ने बताया कि कोतवाली में 15, घुघली में तीन, श्यामदेउरवां थाने में 10 मामले आए। पनियरा थाने में कुल 8 मामले आए जिसमें 4 का मौके पर निस्तारण किया गया। फरेंदा में दो मामले आए और एक का निस्तारण हुआ। पुरंदरपुर थाने में आठ मामले आए। इसमें से एक का निस्तारित किया गया। बृजमनगंज थाने में तीन मामले आए। इसमें एक का निस्तारण किया गया। कोल्हुई में दो मामले आए और एक का भी निस्तारण नहीं हो सका। निचलौल में 14 मामले आए। इसमें से पांच मामले का निस्तारण हुआ। कोठीभार में चार मामले आए और इसमें से एक का निस्तारण किया गया। ठूठीबारी और चौक में एक-एक मामले आए, जिनका मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। नौतनवां में तीन मामले आए, जिसका मौके पर ही निस्तारण किया गया। सोनौली में एक मामला आया, जिसका निस्तारण हो गया। परसामलिक में एक मामला आया। बरगदवां में तीन मामले आए, जिनका निस्तारण मौके पर ही कर दिया गया ठूठीबारी प्रतिनिधि के अनुसार तुर्कहियां गांव में लेखपाल व सफाईकर्मी के नहीं आने की शिकायत मिलने पर एसपी के साथ पहुंचे डीएम ने लेखपाल व सफाईकर्मी को निलंबित करने के निर्देश दिए। शनिवार को दोपहर में ठूठीबारी कोतवाली परिसर में थाना समाधान दिवस में डीएम अमरनाथ उपाध्याय व एसपी रोहित सिंह सजवान पहुंचे। यहां फरियादियों की समस्याएं सुनकर अधिकारियों को निस्तारित करने के निर्देश दिए। तुर्कहियां गांव के कुछ लोगों ने डीएम से शिकायत की कि हल्का लेखपाल देवी सरन व सफाईकर्मी हरीलाल गांव में नहीं आते हैं। इस पर डीएम ने दोनो को निलंबित करने के निर्देश दिए। लक्ष्मीपुर खुर्द के लोगों ने शिकायत की कि क्षेत्र में प्रतिबंधित दवाएं धड़ल्ले से बिक रही हैं। डीएम व एसपी ने प्राथमिक विद्यालय में जांच के दौरान विद्यार्थियों से सवाल जवाब भी किए। उन्होंने एमडीएम, आंगनबाड़ी केंद्र पर मिलने वाली सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। इस दौरान ठूठीबारी कोतवाल विनोद कुमार राव, लक्ष्मीपुर चौकी इंचार्ज अशोक सिंह, विजय शंकर आदि मौजूद रहे।