घर में शराब की भट्ठी चलाता हुआ
- फोटो : अमर उजाला
फरेंदा(महराजगंज)। आबकारी विभाग की टीम ने मंगलवार की देर शाम धानी ढाला पर मिनी नकली शराब की फैक्ट्री पकड़ी। इस दौरान टीम ने मौके से भारी मात्रा में स्प्रिट, खाली शीशियां व रैपर बरामद किया। टीम को देख धंधेबाज फरार हो गए। राइस मिल की आड़ में लंबे समय से शराब की फैक्ट्री चल रही थी।
डीएम वीरेंद्र कुमार सिंह के निर्देश पर कच्ची शराब के धंधेबाजों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मंगलवार की रात करीब दस बजे आबकारी निरीक्षक बसंत प्रसाद व सदर इंस्पेक्टर जिलाजीत सिंह को मुखबिर से सूचना मिली कि फरेंदा क्षेत्र के धानी ढाला से पश्चिम मनोज मद्धेशिया की पुरानी राइस मिल में नकली शराब की फैक्ट्री चल रही है। इस सूचना पर टीम के साथ छापेमारी की।
टीम ने मौके से 450 लीटर स्प्रिट, 60 हजार खाली शीशियां, 500 रैपर, 50 खाली ड्रम बरामद किया। इसके पहले धंधेबाज घरों में ताले बंद कर फरार हो गए। विभाग ने सारे उपकरणों को पुलिस के सुपुर्द कर दिया। शक के आधार पर कुछ लोगों की तलाश आबकारी विभाग कर रही है। टीम में दरोगा यादव, गेंदा सिंह, अरविंद त्रिपाठी, संदीप सिंह आदि शामिल रहे।
बता दें कि पूर्व में भी धानी ढाला के पास से मिनी शराब की फैक्ट्री पकड़ी जा चुकी है। हाल ही में चौक पुलिस ने नकली शराब की फैक्ट्री पकड़ी थी।