कोठीभार। कोठीभार थाना क्षेत्र के ग्राम कटहरी कला में गुरुवार को संदिग्ध हालत में विवाहिता झुलस गई थी। मेडिकल ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई। पिता की तहरीर पर पुलिस ने पति समेत सात लोगों के विरुद्ध केस दर्ज कर शव को अंत्यपरीक्षण के लिए भेज दिया।
नेपाल के नवल परासी जनपद के देवगांव फुलवरिया निवासी अलीहसन ने तहरीर में बताया कि पांच साल पहले उसने अपनी पुत्री आयशा की शादी कोठीभार थानाक्षेत्र के कटहरी निवासी कमरुददीन के साथ की थी। आरोप लगाया कि ससुरालियों ने दहेज के लिए उसको जलाकर मार डाला। मुकदमा दर्ज कर पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है।
ग्रामीणों के अनुसार, रहस्मय हाल में झुलसी विवाहिता को सिसवा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया था। गंभीर हालत देख चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया था। जिला अस्पताल ने विवाहिता की नाजुक हालत को देखते हुए कोतवाली पुलिस को सूचना दे दी। सदर एसडीएम ज्ञानेश्वर प्रसाद ने पीड़िता का बयान दर्ज किया था।
बाद में चिकित्सकों ने महिला को गोरखपुर मेडिकल कॉलेज को रेफर कर दिया। गोरखपुर जाते समय रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। शव को वापस घर लाया गया। कोठीभार पुलिस मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
इस संबंध में कोठीभार थानाध्यक्ष मनीष कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर मिल गई है। पति समेत अन्य के खिलाफ दहेज हत्या सहित उचित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है।