निचलौल। थाना क्षेत्र के ग्राम भेड़िहारी के निकट टेल फाल नहर पुल से शनिवार की सुबह पुलिस ने बाइक लिफ्टर गैंग के एक अभियुक्त को आधा किलो चरस के साथ पकड़ा। पकड़े गए अभियुक्त की निशान देही पर चोरी की दो बाइक भी बरामद की गई है।
बता दें कि थानाध्यक्ष सुधीर कुमार सिंह व उपनिरीक्षक राम प्रताप यादव अपने हमराहियों के साथ शनिवार की सुबह करीब साढे़ आठ बजे टेल फाल नहर पुल पर घात लगाए बैठे थे। इस बीच नेपाल की ओर से एक बाइक आती देख पुलिस कर्मियों ने उसे रोक लिया। तलाशी के दौरान युवक की बाइक के टूल बाक्स से आधा किलो चरस बरामद किया गया।
बाइक के भी कागजात न मिलने पर युवक से पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की तो पता चला की बाइक चोरी की है। वह भारत से दो पहिया वाहन चुरा कर नेपाल में बेचने का धंधा करता है। युवक की निशानदेही पर जंगल में छिपा कर रखी गई एक और बाइक भी पुलिस ने बरामद कर ली। बरामद बाइक को कब्जे में लेकर बाइक लिफ्टर जोगिंदर यादव उर्फ कोइल निवासी हरपुर परसौनी नवलपरासी नेपाल के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया है। एसपी प्रमोद कुमार ने पुलिस टीम को पांच हजार रुपये के पुरस्कार की घोषणा की है।