काॅलेज के सामने सड़क जाम करते छात्र नेताओं को समझाते एडीएम आरपी कश्यप।
- फोटो : अमर उजाला
महराजगंज। प्रवेशपत्र के लिए पुस्तकें और शुल्क जमा करने की बाध्यता से बिफरे जवाहर लाल नेहरू पोस्ट ग्रेजुएट कॉलेज के छात्रों ने कैंपस में मंगलवार को जमकर हंगामा किया। जमकर तोड़फोड़ की। कॉलेज के सामने रोड जाम कर दिया। इससे अफरातफरी मच गई। थोड़ी ही देर में पहुंची पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए लाठियां फटकार कर स्थिति नियंत्रित करने की कोशिश की। इस दौरान छात्र संघ अध्यक्ष को पीट देने से तनाव बढ़ गया। कॉलेज कैंपस को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया।
मंगलवार को जवाहर लाल नेहरू पीजी कालेज में परीक्षा शुरू हुई। प्रवेश पत्र के लिए नो ड्यूज जरूरी है। छात्र-छात्राओं को पुस्तकें व शुल्क आदि जमा करने को कहा गया। इस मसले को लेकर छात्र संघ अध्यक्ष बलराम दूबे अपने साथियों के साथ कॉलेज पहुंचे और प्राचार्य से प्रवेश पत्र दिलाने की मांग। पुस्तक को बाद में जमा कराया जाए, जिससे परीक्षा की तैयारी में छात्र-छात्राओं को परेशानी न हो।
प्राचार्य ने उनसे नियम की दुहाई देकर पुस्तकें व शुल्क जमा कराने को कहा। इसी बात को लेकर तनाव बढ़ गया। छात्रों ने हंगामा शुरू कर दिया। साथ ही कॉलेज में तोड़फोड़ शुरू कर दी। कमरे रखी कुर्सियां तोड़ दी गईं। हालात बेकाबू होते देख प्राचार्य ने पुलिस को सूचना दे दी। थोड़ी देर में पुलिस कैंपस में पहुंच गई। छात्रनेताओं से पुलिस की जमकर नोकझोंक हुई। छात्रनेता अपना तर्क दे रहे थे और पुलिस उनसे शांति व्यवस्था बनाए रखने की बात कर रही थी। इसके बाद गुस्साए छात्र नेताओं ने रोड जाम कर दिया। इसके बाद पुलिस ने सख्ती बरती और छात्र नेताओं को हिरासत में लेकर उन्हें पुलिस की गाड़ी में कोतवाली ले जाया गया। इसके थोड़ी देर बाद मामला शांत हुआ।