भिटौली नहर के किनारे मृतक युवती की फाइल फोटो
- फोटो : अमर उजाला
महराजगंज। कोतवाली थाना क्षेत्र के सोहरौना राजा गांव की युवती की नृशंस हत्या कर शव को नहर की पटरी पर फेंक दिया गया। शुक्रवार सुबह गांव वालों ने क्षतविक्षत शव देखा तो क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज कर मामले की जांच-पड़ताल में जुट गई।
बताया जाता है कि गुरुवार भोर में सोहरौना गांव निवासी रामदवन की पुत्री संग्रावती (20) गांव के नहर के पास गई। लेकिन घर नहीं लौटी। घरवाले उसे ढूंढते हुए नहर तक गए लेकिन उसका पता नहीं चला। परिवार वालों को नारायणी नहर शाखा में डूबने की आशंका होने लगी। नहर में भी उसे ढूंढा गया लेकिन, कोई सुराग नहीं मिला।
शुक्रवार को सोहरौना-पिपरा गांव के बीच नहर की पटरी पर संग्रावती का क्षतविक्षत शव मिला। परिस्थितियाें से यही लगता है कि उसकी नृशंस तरीके से हत्या की गई है। वह शिवप्रसन्न सिंह महाविद्यालय भिटौली में बीए द्वितीय वर्ष की छात्रा थी। उसकी शादी घुघली क्षेत्र के मेदनीपुर में हुई थी। उसका गौना 8 मई को होने वाला था।
मृतका की मां देवकी की तहरीर पर पुलिस ने हत्या और शव छिपाने का मुकदमा दर्ज कर लिया है। कोतवाल सदर श्रीकांत राय का कहना है कि मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। जल्दी ही हत्यारे पुलिस की गिरफ्त में होंगे।