शिवसहायपुर में कच्ची शराब का लहन नष्ट करती आबकारी टीम फरेंदा।
- फोटो : अमर उजाला
फरेंदा/पुरंदरपुर/कोल्हुई। पुलिस में शिकायत से नाराज कच्ची शराब के कारोबारियों ने बृहस्पतिवार की देर शाम पोखरभिंडा के ग्रामप्रधान को जिंदा जलाने का प्रयास किया। दुस्साहस की हदें पार करते हुए धंधेबाजों ने बाइक से जा रहे ग्रामप्रधान दीनानाथ यादव के ऊपर शराब ऊपर उड़ेल दिया। वह किसी तरह जान बचा कर भागे और घटना की सूचना कोल्हुई पुलिस को दी। थोड़ी देर बाद पुलिस दलबल के साथ मौके पर पहुंच गई और 13 लोगों को गिरफ्तार कर केस दर्ज करने के साथ ही शुक्रवार को जेल भेज दिया।
पुरंदरपुर क्षेत्र के पोखरभिंडा के ग्राम प्रधान दीनानाथ यादव ने पांच दिन पहले कोल्हुई पुलिस को ज्ञापन दिया था कि ग्राम पंचायत के बगल के ग्राम पंचायत शिवसहायपुर में जहरीली शराब घरेलू उद्योग बन गया है। जिससे आए दिन कच्ची जहरीली शराब से गांव के अनेक लोग चपेट में आ जा रहे हैं।
ज्ञापन के बाद पुलिस ने कच्ची के कारोबारियों पर नकेल कसना चालू किया तो शराब बिक्रेताओ को नागवार लगने लगा। शराब माफियाओं ने ग्राम प्रधान से निपटने के लिए रास्ते में इंतजार करने लगे।
गुरुवार को देर शाम ग्रामप्रधान दीनानाथ यादव कोल्हुई थाना क्षेत्र के बहुदरी बाजार अपनी बाइक से शिवसहायपुर के रास्ते से जा रहे थे कि उसी समय कच्ची शराब के कारोबारियों ने चलती बाइक पर ही घेर कर शराब उड़ेल दिया तथा जलाने का प्रयास किया। लेकिन दीनानाथ यादव किसी तरह से जान बचाकर भाग निकले।
सूचना मिलने के कुछ देर बाद कोल्हुई पुलिस भी पहुंच गई। पुलिस ने 13 लोगों को गिरफ्तार कर लिया। शुक्रवार को कोर्ट में पेशी के बाद जेल भेज दिया गया। इस संबंध में एसओ कोल्हुई पद्माकर राय का कहना है कि सूचना मिलते ही शिवसहायपुर में शराब के तेरह कारोबारियों को गिरफ्तार जेल भेज दिया गया है।
आबकारी विभाग ने शिवसहायपुर में छोपेमारी की ः फरेंदा। ग्राम प्रधान के ऊपर कच्ची शराब उड़ेल कर जान से मारने की सूचना के बाद पुलिस और आबकारी विभाग ने कार्रवाई शुरू कर दी है। आबकारी इंस्पेक्टर बसंत प्रसाद की टीम ने शिव सहायपुर में छापेमारी की कार्रवाई की। इस दौरान 150 क्विंतल लहन और 20 लीटर कच्ची शराब बरामद की गई। आबकारी टीम ने कच्ची शराब की एक दर्जन भट्ठियां भी तोड़ दी है। बसंत प्रसाद ने बताया कि कच्ची शराब बनाने या बिक्री की सूचना पर तत्काल छापेमारी की जाती है।