टूटी अंबेडकर मूर्ति देखने पहुंचे धर्मेंद्र कुमार व पूर्व सभासद बालगोपाल।
- फोटो : अमर उजाला
महराजगंज। नगर पालिका के अंबेडकर नगर वार्ड में स्थापित बाबा साहब डा. भीमराव अंबेडकर की मूर्ति मंगलवार की रात तोड़ दिए जाने से वार्ड के लोगों में आक्रोश व्याप्त है। अंबेडकर यूथ फोरम के अध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार व पूर्व सभासद बालगोपाल ने मौके का जायजा लिया। सदर कोतवाली में लिखित तहरीर दी गई है। पुलिस ने एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
पूर्व सभासद बालगोपाल ने बताया कि अंबेडकर नगर में बाबा साहब की मूर्ति 1990 में नवीन परती में स्थापित की गई थी। कुछ उपद्रवी तत्वों ने मूर्ति का दायां हाथ तोड़ दिया हैं। तहरीर में लिखा है कि गांव के ही रामसूरत व सुग्रीव ने पुलिस चौकी में अंबेडकर मूर्ति हटाने के लिए प्रार्थना पत्र दिया था। वहां पर अपनी जमीन बता कर कब्जा करना चाह रहा था। मूर्ति न हटाने पर मूर्ति को तोड़ने की भी बात कही थी।
बुधवार सुबह में जब वार्ड के लोग शौच के लिए जा रहे थे तो देखा कि प्रतिमा का दायां हाथ टूटा पड़ा है। वार्ड के लोगों ने कोतवाली में तहरीर दी। नगर चौकी इंचार्ज विनोद राव ने एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि दोषी व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान वार्ड के राजवेदकर, दीपक कुमार, गोबरी, रामसंवारे, रमेश, सुशील कुमार, अरूण कुमार, अकलू आदि रहे।