जिला मुख्यालय पर भाजपा के पदाधिकारियों ने प्रदेश सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया।
- फोटो : अमर उजाला
महराजगंज। सपा सरकार के विरोध में बृहस्पतिवार को भाजपाइयों नेे नगर के पुरानी तहसील से जुलूस निकाला। कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन कर एडीएम को ज्ञापन दिया। जिलाध्यक्ष अरुण शुक्ल ने कहा कि बुलंदशहर में जो कुछ हुआ, उसने इंसानियत को शर्मसार किया। पूरे प्रदेश की बदनामी हुई। भय और आतंक के कारण लोगों ने रात में आवाजाही बंद कर दी है। बुलंद शहर की घटना जंगलराज की याद दिलाती है। यह कानून व्यवस्था पर कलंक है। सभ्य समाज को शर्मसार तथा भयग्रस्त करने वाली है।
उन्होंने कहा कि सरकार का एक मंत्री घटना को राजनैतिक षड्यंत्र बताता है। सूबे के मुखिया की उनको मौन स्वीकृति है। इससे स्पष्ट है कि सरकार इस प्रकार की घटनाओं के प्रति सजगता बरतने में बजाए राजनैतिक आरोप-प्रत्यारोप कर अपने ऊपर उठ रहे सवालों से बचने की कोशिश कर रही है।
प्रदर्शन के प्रभारी विधायक संत प्रसाद ने कहा कि उत्तर प्रदेश बलात्कार प्रदेश बन चुका है। जनता सपा सरकार के कृत्यों से ऊब चुकी है। आगामी विधान सभा चुनाव में सपा का सूपड़ा साफ हो जाएगा।
जिले के प्रभारी रजनीकांत मणि त्रिपाठी ने कहा कि सूबे में अराजकता का माहौल है। इस अराजकता के माहौल से भाजपा ही मुक्ति दिला सकती है। इस दौरान पूर्व विधायक ज्ञानेंद्र सिंह, बजरंग बहादुर सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष समीर त्रिपाठी, जिला उपाध्यक्ष जयमंगल कन्नौजिया, संतोष सिंह, अंगद गुप्ता, जिलामंत्री प्रमोद त्रिपाठी, जिलामंत्री प्रदीप उपाध्याय, प्रदीप सिंह, प्रभाकर दुबे, सदामोहन उपाध्याय आदि उपस्थित रहे।