निचलौल। थाना क्षेत्र के नगर सटे एक गांव में बीती रात किशोरी के साथ हुए दुष्कर्म की शिकायत करने पहुंचे पिता से मारपीट के मामले में बुधवार को किशोरी के पिता की तहरीर पर आरोपी युवक व उसके साथियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। बीती रात शौच गई छात्रा के साथ एक युवक ने जबरियां दुष्कर्म कर उसे मुंह न खोलने की धमकी देते हुए छोड़ दिया। रोते बिलखते घर पहुंची किशोरी ने परिजनों से आप बीती सुनाई तो बौखलाए घर वाले आरोपी के घर शिकायत लेकर पहुंच गए। आरोप है कि लड़की के पिता को इल्ताफ, सरीफुन निशा, मुहम्मद हुसैन व एक अन्य महिला ने पकड़ कर बुरी तरह मारा पीटा। लड़की के पिता की तहरीर पर आरोपी इल्ताफ के विरुद्ध आईपीसी की धारा 376 व पास्को एक्ट के तहत जबकि अन्य आरोपियों के विरुद्ध मारपीट का मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। एसओ श्रीकांत राय ने बताया कि मुख्य अभियुक्त को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।