पुरंदरपुर। हाईवे पर पुरंदरपुर थाना क्षेत्र के पैसिया ललाइन में शनिवार को वाहन की चपेट में आ जाने से अधेड़ की मौत हो गई। आसपास के लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पीएम के लिए जिला संयुक्त अस्पताल भेज दिया है।
पैसिया ललाईन निवासी रामप्रसाद चौहान (55) शनिवार को सुबह करीब 11 बजे पैदल पैसिया चौराहे पर किसी काम के लिए जा रहे थे। जैसे ही राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित दुर्गामंदिर के समीप पहुंचे थे कि किसी वाहन की चपेट आ गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी होने पर परिवार के लोग पहुंचे और घायल रामप्रसाद को सीएचसी लक्ष्मीपुर ले गए। वहां इलाज के दौरान ही राम प्रसाद की मौत हो गई। सूचना मिलने के बाद पुरंदरपुर पुलिस शव को पीएम के लिए भेज दिया। इस संबंध में पुरंदरपुर एसओ ओपी चौहान ने बताया कि वाहन का पता लगाया जा रहा है।