महराजगंज। मरम्मत के अभाव में पनियरा थाना क्षेत्र के जर्दी डोमरा बांध और चेहरी बांध टूटने का आरोप लगाते हुए सतगुर गांव के हेमंत कुमार सिंह ने मंगलवार को सीजेएम न्यायालय में वाद दाखिल कर सिंचाई विभाग के दो सहायक अभियंता, एक अवर अभियंता सहित 20 ठेकेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। हेमंत कुमार सिंह का कहना है कि बांध टूटने से पांच एकड़ धान की फसल बर्बाद हो गई। साथ ही मरम्मत के नाम पर आए 95 लाख रुपये बगैर काम कराए ही हजम कर लिया गया। अधिवक्ता संजीत कुमार सिंह ने बताया कि सीजेएम न्यायालय की ओर से थानेदार पनियरा से 7 सितंबर तक आख्या मांगी गई। यह भी पूछा है कि इस प्रकरण में कोई अभियोग पंजीकृत है या नहीं। इस मामले में न्यायालय ने पूरी रिपोर्ट थानेदार को देने का आदेश दिया है।