महराजगंज। महुअवां चौराहे के पास स्थित बाइक के शो रूम में इंश्योरेंस का पेपर लेने के गए ग्राहक को मैनेजर समेत कर्मियों ने बंधक बना लिया और उनकी जमकर पिटाई कर दी। उन्हें वर्कशाप में काफी देर तक बंद रखा। मौका पाकर पीड़ित ने गांव के एक युवक को फोन किया तो वर्कशाप पर तमाम लोग पहुंच गए। इसके बाद वर्कशाप के मैनेजर ने 100नंबर पुलिस को सूचना दे दी। देर शाम मौके पर पुलिस पहुंची और बंधक बने ग्राहक को मुक्त कराते हुए वर्कशाप से कुछ कर्मचारियों को कोतवाली लाई। जहां उनसे पूछताछ की जा रही थी।
मंगलवार को सांय 6 बजे कोतवाली क्षेत्र के लखिमा गांव के रहने वाले अनिल पटेल पुत्र भगवन्त पटेल महुअवां चौराहे के पास एक बाइक शो-रूम पर पहुंचे। यहां से उन्होंने जून में बाइक खरीदी है। तभी से इंश्योरेंस के पेपर के लिए वह शो-रूम पर दौड़ लगा रहे थे लेकिन पेपर नहीं मिला। मंगलवार को उन्हें शो-रूम के मैनेजर ने पेपर देने के लिए बुलाया था। लिहाजा अनिल पटेल पहुंचे। इंश्योरेंस का पेपर मांगा तो मैनेजर ने बाद में आने के लिए कह दिया। इसके बाद अनिल मैनेजर से नोंकझोंक करने लगे। इतने में वर्कशाप से कई कर्मी आए और अनिल को वर्कशाप में अंदर ले जाकर पैर रस्सी से बांध दिया। इसके बाद उनकी जमकर पिटाई की। मौका देखकर अनिल ने गांव के अश्विनी पटेल को फोन किया तो गांव के कई लोग शोरूम पर पहुंच गए। यह देख मैनेजर ने 100 नंबर पुलिस को सूूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस अनिल के साथ शोरूम के कुछ कर्मियों को कोतवाली लाई। जहां दोनो पक्षो के बीच बातचीत चल रही थी। साथ ही पुलिस भी पूछताछ में लगी रही। अनिल पटेल ने कोतवाली में तीन नामजद और दो अज्ञात के खिलाफ तहरीर दे दी है। देर शाम तक मुकदमा दर्ज नहीं हुआ था।
कोतवाल रामदवन मौर्य ने कहा कि कसूरवारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। दोनों पक्षों से पूछताछ की जा रही है। जांच के बाद मुकदमा दर्ज किया जाएगा।