सौनोली में हुई चोरी का खुलासा करते एसपी भारत सिंह।
- फोटो : अमर उजाला
महराजगंज। गश्त के दौरान सोनौली पुलिस ने चार अंतरराष्ट्रीय चोरों को गिरफ्तार करने का दावा किया है। पुलिस से घिरे बदमाशों ने तमंचे से फायरिंग कर भागने की कोशिश की लेकिन, पुलिस ने घेराबंदी कर उन्हें दबोच लिया। उनके कब्जे से नकदी, कपड़े, तमंचा, कारतूस व चाकू बरामद किया गया।
मोतिहारी (बिहार) के रहने वाले ये बदमाश नेपाल सहित यूपी और बिहार में चोरी की घटनाओं को अंजाम देते हैं। गिरफ्तार चोरों ने सोनौली कस्बे में कपड़े की दुकान में चोरी में अपनी संलिप्तता कबूल की है। पर्दाफाश करने वाली टीम को एसपी की ओर पांच हजार रुपये इनाम की घोषणा की गई है।
एसपी भारत सिंह ने बताया कि मंगलवार को सोनौली में चोरों ने कपड़े की दुकान का ताला तोड़कर नकदी व अन्य सामान चुरा लिया था। बुधवार की रात अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए सोनौली थाना प्रभारी आरके सिंह सहित पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त कर रही थी। तभी मुखबिर से सूचना मिली कि श्यामकाट गांव के पास नोमेंस लैंड की तरफ जाने वाली कच्ची सड़क के पास कुछ लोग सामान का बंटवारा कर रहे हैं।
इस सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस टीम को देख चोर भागने लगे। पुलिस टीम के पीछा करने पर बदमाशों ने तमंचे से फायरिंग कर दी। पूछताछ में बदमाशों ने अपना नाम सुरेश कुमार जायसवाल निवासी छितौनी, थाना चौक, अफरोज आलम निवासी लैनवसवरिया, थाना घोड़ासहन, रंजीत शाह निवासी गांधीनगर थाना घोड़ासहन और संजय तुरहा निवासी छितौना जिला मोतिहारी (बिहार) बताया।
एसपी ने बताया कि पकड़े गए चोर अंतरराष्ट्रीय स्तर के हैं। ये काठमांडू में भी एक घटना को अंजाम दे चुके हैं। बिहार पुलिस से संपर्क कर उनका आपराधिक इतिहास निकलवाया जाएगा।