38 पेटी नेपाली शराब के साथ तीन गिरफ्तार
- फोटो : अमर उजाला
ठूठीबारी/निचलौल (महराजगंज)। भारतीय सीमा क्षेत्र में नेपाली शराब लेकर आते समय एसएसबी के जवानों ने तीन कैरियर को दबोच लिया।
ठूठीबारी एसएसबी बीओपी इंचार्ज पंकज कुमार ने बताया कि पडियाताल मंदिर के समीप स्थित भारत-नेपाल सीमा पर पिलर संख्या 507/12 के पास गश्त के दौरान तीन लोगों को पकड़ा गया। जांच के दौरान तीनों युवकों के पास से 16 पेटी नेपाली शराब बरामद हुई। वहीं 22 पेटी अन्य जगह से नेपाली शराब बरामद कर कार्रवाई के लिए ठूठीबारी कोतवाली पुलिस को सौंप दिया गया। ठूठीबारी कोतवाल छोटे लाल ने बताया कि नेपाली शराब के साथ पकड़े गए तीनों युवकों के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। उधर, निचलौल प्रतिनिधि के अनुसार झुलनीपुर बीओपी के एसएसबी जवानों ने शुक्रवार की रात 1200 शीशी नेपाली शराब व तीन साइकिल के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया गया जबकि एक युवक अंधेरे का फायदा उठाकर नेपाल की सीमा में फरार हो गया। सशस्त्र सीमा बल के इंस्पेक्टर रवि कुमार ने बताया कि 1200 शीशी नेपाली शराब के साथ विश्राम सहानी व राजकिशोर गांव जमुई कला कोतवाली ठूठीबारी को हिरासत में लेकर पुलिस को सौंप दिया गया। इंस्पेक्टर गजेंद्र राय ने बताया कि नेपाली शराब को जब्त कर दोनों आरोपियों को आबकारी एक्ट के तहत चालान कर दिया गया।