युवक को मोबाइल चोरी करते हुए रंगेहाथों दबोच लिया
- फोटो : Amar Ujala
थाना गांधी पार्क क्षेत्र में धर्म समाज महाविद्यालय के बाहर खड़ी एक लड़की से दूसरे समुदाय के एक युवक द्वारा मोबाइल छीनने और मारपीट के साथ छेड़खानी करने के बाद वहां जमकर हंगामा हो गया। युवती ने अपने परिचितों और अन्य लोगों को बुला लिया। सूचना मिलने पर छात्र नेता भी मौके पर पहुंच गए। भीड़ ने मिलकर आरोपी को दबोच लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस उसे थाने ले गई है।
पीड़ित छात्रा की ओर से पुलिस को तहरीर दे दी गई है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर हासिम निवासी सराय हकीम पर मुकदमा दर्ज किया है।
छात्रा की ओर से दी गई तहरीर में कहा है कि शनिवार को वह डीएस कालेज में अपनी एक सहेली से मिलने आई थी। इस दौरान वह अपने मोबाइल से सहेली का नंबर लगा रही थी। इस बीच एक युवक आया और उसके हाथ से मोबाइल छीनने लगा। छात्रा के विरोध करने पर आरोपी ने गालीगलौज करते हुए उसको थप्पड़ जड़ दिया। यह नजारा देखकर आसपास भीड़ इकट्ठा हो गई। मौके पर छात्र नेता अमित गोस्वामी पहुंच गए। पूरी जानकारी करने के बाद पुलिस को सूचना दी गई। साथ ही आरोपी युवक को भी पकड़ कर बैठा लिया गया। इस दौरान आरोपी ने छात्र नेताओं के साथ भी अभद्रता कर डाली। बाद में पुलिस ने मौके पर पहुंच कर आरोपी को हिरासत में ले लिया।
छात्रा ने इस मामले की तहरीर थाना गांधी पार्क को दे दी है। छात्र नेता अमित गोस्वामी ने बताया कि गैर समुदाय के कुछ युवक कालेज के बाहर आकर खड़े हो जाते हैं। यहां पर वह छात्राओं के साथ छेड़खानी जैसी घटनाओं को अंजाम देते हैं। पहले भी इस तरह की कई घटनाएं हो चुकी हैं। थाना प्रभारी गांधी पार्क धीरेंद्र मोहन शर्मा ने बताया कि छात्रा की तहरीर मिल चुकी है। इसी के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।