पुरंदरपुर। गोरखपुर सोनौली हाई-वे पर शुक्रवार को टैंकर और कार की सीधी टक्कर में आठ लोगों की मौत के मामले में कार मालिक की तहरीर पर पुलिस ने टैंकर चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस दुर्घटना की तकनीकी जांच शुरू कर दी है। गोरखनाथ थाना क्षेत्र के राजेंद्र नगर निवासी वसीम खान पुुत्र मंजूर ने पुरंदरपुर थाने में तहरीर दी है कि कार का चालक अब्दुल हफीज निवासी जुगौली कोतवाली सोनौली शुक्रवार को गोरखपुर से दो बच्चे, एक महिला व चार पुरुष नैपाली यात्रियों को लेकर सोनौली जा रहा था। पुरंदरपुर थाना क्षेत्र के देवपुर के पास गोरखपुर-सोनौली हाईवे पर सोनौली से गोरखपुर की तरफ जा रहे टैंकर चालक ने सामने से टक्कर मार दी। इस हादसे में चालक के अलावा नेपाल के सात यात्रियों की घटना स्थल पर मौत हो गई। पुलिस ने अज्ञात टैंकर चालक के खिलाफ केस दर्ज कर दुर्घटना की तकनीकी जांच शुरू कर दी है। इस संबंध में एसओ गिरिजेश उपाध्याय ने बताया कि कार मालिक की तहरीर पर केस दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।