सोनौली(ब्यूरो)। भारतीय सरहद से सटे नेपाल कपिलवस्तु जिले के बाड़गंगा नगर पालिका कार्यालय के पास निकाय चुनाव के लिए नामांकन के दौरान बम विस्फोट में चार लोग घायल हो गए हैं। हादसे के बाद भगदड़ मच गई। दहशत के चलते प्रत्याशी बिना नामांकन किए ही वापस घरों को लौट गए। मौके पर पहुंची नेपाल पुलिस राहत बचाव और जांच में जुट गई है।
रविवार की दोपहर कपिलवस्तु जिले के बाड़गंगा नगरपालिका चुनाव के मद्देनजर माओवादी और कांग्रेस के प्रत्याशी पर्चा दाखिल करने जा रहे थे। उसी समय पालिका परिसर के निकट हुए बम धमाके में चार कार्यकर्ता घायल हो गए। घटना के बाद भगदड़ मच गई और लोग बिना पर्चा दाखिल किए ही वापस चले गए। कपिलवस्तु जिला पुलिस के अनुसार, घायल विजय थारु शाहबुद्दीन, शेष राम गुप्ता, लालबहादुर थारु माओवादी और कांग्रेस के कार्यकर्ता हैं। घटना की जिम्मेदारी अभी किसी ने नहीं ली है लेकिन चुनाव का विरोध कर रही पार्टियों के लोगों को केंद्र में रखकर पुलिस जांच में जुटी है।