पुलिस की कार्रवाई से नाराज ग्रामीणों ने हाईवे जाम किया
फोटो।
सीओ के आश्वासन के बाद 45 मिनट के बाद आवागमन शुरू हुआ
अमर उजाला ब्यूरो
फरेंदा। पिपरा मौनी गांव में विवाद की सूचना पाकर पहुंची 100 नंबर की पुलिस के कार्यों से नाराज होकर ग्रामीणों ने गोरखपुर-सोनौली हाईवे को जाम कर दिया। जाम की सूचना पाकर सीओ मौके पर पहुंचे और दोषी के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिए। तब जाकर गांव के लोग माने और देर शाम आवागमन शुरू हो सका। फरेंदा थाना क्षेत्र के पिपरामौनी गांव में बच्चों के खेलने के दौरान गेंद गांव के हेमंत शर्मा के बाउंड्री में चले जाने के बाद उनके घर के किसी एक व्यक्ति ने दीपक 12 को मारपीट दिया। जिसको लेकर कुछ विवाद हो रहा था कि किसी ने सूचना 100 नंबर व थाने की पुलिस को दे दिया। जो मौके पर पहुंचे तो गांव के एक दूसरे युवक रामकृपाल को पुलिस ने गांव में मार दिया और पुलिस गांव के दो लोगों को थाने भी उठा ले आई। जिसकी जानकारी गांव के लोगों को मिला तो उग्र होकर गांव के सामने ही पुलिस विरोधी नारे लगाते हुए गोरखपुर-सोनौली राजमार्ग को शाम 6 बजे के बाद जाम कर दिया। ग्राम प्रधान विनोद चौधरी, गोंविद, रामकृपाल, इम्तियाज, अशोक जायसवाल, मोहित, रामसागर, निरंजन, बगेदन सहित गांव के तमाम लोगों ने पुलिस के कार्यों पर नाराजगी जाहिर करते हुए दोषी पुलिस कर्मी व अन्य लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करने लगे। जाम की सूचना पाकर सीओ अशोक कुमार मिश्रा, प्रभारी एसओ फरेंदा सर्वेश कुमार सिंह, एसओ कोल्हुई उपेंद्र मिश्रा, गजेंद्र उपाध्याय सहित सर्किल की सभी थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई। इस संबंध में सीओ अशोक कुमार मिश्रा ने बताया कि ग्रामीणों को समझा दिया गया है। तहरीर के आधार पर दोषी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।