पकौली कला गांव के चौकीदार के घर चोरी
गेहूं के खेत में बॉक्स को फेंक कर भाग गए चोर
अमर उजाला ब्यूरो
सिसवा बाजार। बेखौफ चोरों ने शुक्रवार की रात दो घरों को निशाना बनाया। कोठीभार थानाक्षेत्र के पैकौली कला गांव में घर के मुख्य दरवाजे से कमरे में घुसे चोरों ने घर में रखे बक्सों में से कुंडी तोड़कर जेवरात, नगदी व महंगे समान समेट ले गए और बक्सों को घर से दूर गेहूं के खेत में फेंक दिया। शनिवार की सुबह जब गांव की महिलाएं टहलने के लिए निकलीं तो उन्हें चोरी होने की बात पता चली। इसके बाद पीड़ित परिवार ने कोठीभार पुलिस को सूचना दिया।
थानाक्षेत्र के पैकौली कला गांव के चौकीदार मनोज यादव के घर के मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर घर में घुस गए। बक्से में रखा 45 हजार रुपये नगद व करीब डेढ़ लाख मूल्य के जेवरात सहित अन्य कीमती समान चोरी हो गये। इसके बाद सभी बक्सों को गांव के बगल में स्थित एक गेहूं के खेत के पास चोरों ने फेंक दिया था। इसके अलावा चोरों ने राजेंद्र के घर में चोरी भी की। शनिवार की सुबह जब गांव की महिलाएं टहलने के लिए गांव के बाहर गईं तो उनकी नजर खेतों में पड़े बक्सों पर पड़ी। थानाध्यक्ष कोठीभार सर्वेश कुमार सिंह ने बताया कि स्थलीय निरीक्षण किया गया है, अभी कोई तहरीर नहीं मिली है लेकिन जो तथ्य सामने आए हैं। इससे मामला कुछ संदिग्ध लग रहा है। जल्द ही घटना का पर्दाफाश कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
-------------------------
घटनाओं का पर्दाफाश करने में कोठीभार पुलिस फिसड्डी
सिसवा बाजार। जहां एक तरफ लोकसभा चुनाव व आदर्श आचार संहिता के मद्देनजर पुलिस प्रशासन सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पूरी तरह मुश्तैद दिख रही है। वहीं इन दिनों कोठीभार थानाक्षेत्र में बेखौफ चोरों ने भी अपना कारनामा दिखाना शुरू कर दिया है। कोठीभार पुलिस जहां एक ओर खुलासे को लेकर केवल खोखले दावे पेश करती हुई नजर आ रही है, वहीं घटनाओं का पर्दाफाश करने में भी फिसड्डी साबित हो रही है। घटना के महीनों बाद भी न तो चोर पकड़े जा रहे हैं और न ही चोरी किया हुआ सामान बरामद हो रहा है। पुलिस के मुताबिक मामले की जांच पडताल की जा रही है। जल्दी ही पर्दाफाश हो जाएगा।
केस नंबर एक - विगत दो माह पूर्व 13 फरवरी की रात कोठीभार थानाक्षेत्र अंतर्गत पड़ने वाले सबयां तिराहा पुलिस पिकेट से महज 200 मीटर दूर गल्ला व्यापारी गुलाब चंद के दरवाजे पे खड़ी पिकअप जीप को चोरों ने गायब कर दिया जिसका अभी तक कुछ पता नहीं चल सका। पीड़ित व्यपारी आये दिन थाने का चक्कर लगाता है लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल पा रही है।
केस नंबर दो - 28 मार्च की रात सबयां फायर स्टेशन रोड पर स्थित स्टेशनरी की दुकान का ताला तोड़कर लैपटॉप, नगदी समेत कीमती सामान पर चोरों ने हाथ साफ कर दिया।
केस नंबर तीन - 30 मार्च की रात एक बार फिर चोरों ने सबयां गांव को ही निशाना बनाया और रेलवे ढाला चौराहा स्थित एक किराना स्टोर के शटर का ताला तोड़कर श्रृंगार का सामान, मेवे तथा नगदी समेत कीमती सामान चुरा ले गए।