266 बोरी सरकारी खाद्यान्न बरामद, तीन हिरासत में
अमर उजाला ब्यूरो
नौतनवां। एसडीएम ने रविवार को तहसील क्षेत्र के गांव पुरैनिहा के लोधसी स्थित एक राइस मिल में छापे की कार्रवाई कर 266 सरकारी खाद्यान्न बरामद किया। इस दौरान तीन लोगों को हिरासत में लिया गया।
एसडीएम को रविवार को दिन में लगभग 11 बजे सूचना मिली कि पुरैनिहा गांव के लोधसी स्थित एक राइस मिल में सरकारी खाद्यान्न रखा जा रहा है। इस पर एसडीएम ने टीम के साथ वहां छापे की कार्रवाई कर जांच की। इस दौरान सरकारी बोरी में 74 बोरी व सादी बोरी में 23 बोरी चावल बरामद हुआ। इसके अलावा 169 बोरी गेहूं भी बरामद किया गया। मौके से तीन लोगों को हिरासत में भी लिया गया। एसडीएम मदन कुमार ने बताया कि जब छापे की कार्रवाई की गई तो उस दौरान सरकारी बोरी में खाद्यान्न पैक किया जा रहा था। यहां कुल 169 बोरी गेहूं तथा 97 बोरी चावल बरामद किया गया। खाद्यान्न से संबंधित अभिलेख न दिखा पाने पर मिल का लाइसेंस निरस्त कर दिया गया। एसएमआई को इस बात की जांच के लिए कहा गया है कि मिल में सरकारी खाद्यान्न कहां से आया। एसएमआई राजेश यादव ने बताया कि जांच शुरू कर दी गई है।