बवाल के बाद बृजमनगंज में पुलिस बल तैनात रहा।
- फोटो : अमर उजाला
बजमनगंज/फरेंदा। बृजमनगंज में मंगलवार शाम मूर्ति विसर्जन के दौरान ताजिया में ट्राली छू जाने को लेकर दो समुदायों में बवाल हो गया। ट्राली के ड्राइवर को मारने-पीटने के मामले में 12 नामजद और छह अज्ञात समेत 18 लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।
मंगलवार शाम को बृजमनगंज थाना क्षेत्र में मूर्ति विसर्जन का कार्यक्रम चल रहा था। कई जगहों की दुुर्गा प्रतिमाओं को कस्बे में भ्रमण कराया जा रहा था। उसी दौरान शाहाबाद के मनसफगढ़ के लोग प्रतिमा विसर्जित कर वापस लौट रहे थे। कस्बे के सहजनवां रोड पर रखे ताजिया में ट्रैक्टर-टाली से टक्कर हो गई। इससे नाराज लोगों ने ट्रैक्टर चालक और उस पर सवार दो अन्य लोगों को बुरी तरह से मारपीट कर दी। मारपीट में मदन मौर्या और बालक दास निवासी मनसफगढ़ को काफी चोटें आईं।
ट्राली पर बैठे कुछ लोगों के विरोध से माहौल गर्म हो गया। इसकी सूचना पुलिस को मिलते ही थानाध्यक्ष अशोक सिंह फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस मामले को शांत कराने में जुट गई। कस्बे सहित अगल-बगल के लोग भी जुटने लगे। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए डीएम वीरेंद्र कुमार सिंह, एसपी भारत सिंह यादव, एएसपी हरिगोंविद सिंह समेत सीओ फरेंदा, क्षेत्राधिकारी क्यूआरटी और एक प्लाटून पीएसी मौके पर पहुंच गई।
जिला पंचायत सदस्य जितेंद्र शर्मा, बबलू जायसवाल, पूर्व जिला पंचायत सदस्य योगेंद्र यादव के साथ अनेक लोग थाने पर पहुंच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग करने लगे। पुलिस प्रशासन के काफी समझाने के बाद भी लोग कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे। लोगों का कहना था कि अगर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं होगी तो मूर्ति विसर्जन नहीं किया जाएगा। मदन मौर्या की तहरीर पर 12 लोगों के खिलाफ कार्रवाई के बाद लोग शांत हुए। दूसरे समुदाय के लोग भी मामले की जांच की मांग करने लगे। घटना की सूचना पर सपा नेता मदन गोपाल यादव, दिलीप चौधरी सहित अनेक लोग पहुंचे।