उचक्का बुजुर्ग महिला से 20 हजार लेकर भागा
निचलौल। कस्बे के पंजाब नेशनल बैंक से शुक्रवार को सुबह करीब 11 बजे रुपये निकालने पहुंची बुजुर्ग महिला को बहला फुसलाकर उचक्का 20 हजार रुपये लेकर भाग गया। महिला रोते बिलखते थाने पहुंची। पुलिस आरोपी की पहचान कर उसे पकड़ने के लिए बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज की छानबीन कर रही है।
कस्बे के जिगनहवां वार्ड निवासी परमा देवी (70) ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास आवंटित हुआ है। आवास की किस्त आने पर रकम निकालने बैंक आई थीं। बैंक से कुछ सिक्के व नोट लेकर बाहर निकलते समय एक अनजान व्यक्ति ने अपने को रिश्तेदार बताकर चाय की दुकान पर नाश्ता करने को कहा। नाश्ता करने के दौरान उस व्यक्ति ने बैंक से मिले सिक्कोंको नोट में बदलने की बात को कह कर 20 हजार रुपये लेकर भाग गया। काफी देर तक जब वह नहीं लौटा तो बुजुर्ग महिला ने अपनी पीड़ा सुनाने के लिए रोते बिलखते थाने पहुंची। इस संबंध में इंस्पेक्टर हरेंद्र मिश्रा का कहना है कि इस मामले की जानकारी मिली है। बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरे की छानबीन कराई जा रही है। ताकि उचक्का को पकड़ा जा सके।