महराजगंज। ओबरी गांव में खेत की रखवाली कर रहे बुजुर्ग किसान को शुक्रवार की देर रात तेंदुए ने अपना शिकार बना लिया। खेत से किसान को घसीटकर जंगल की ओर ले गया। फिर झाड़ी में क्षत-विक्षत शव छोड़कर चला गया। शनिवार की सुबह घटना की जानकारी होने पर गांव के लोग दहशत में आ गए। वन विभाग और पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। वन विभाग के अधिकारियों ने गांव के लोगों को सचेत रहने की हिदायत दी है।
जंगल से सटे गांव ओबरी निवासी (60) वर्षीय महंगू भारती शुक्रवार की रात अपने खेत की रखवाली कर रहे थे। रात में वह खेत में बने मचान पर सोए थे। बताया जा रहा है कि किसी काम से महंगू मचान से नीचे उतरे तो जंगल से भटक कर आए तेंदुए ने उन पर हमला कर दिया और घसीटते हुए जंगल में करीब 300 मीटर दूर कुसमहवा कोठी के पास झाड़ी में ले गया। शनिवार सुबह तक जब महंगू घर नहीं लौटे तो घरवाले खेतों की ओर गए। वहां के हालात देखकर दंग रह गए। फसल दबी हुई थी। घसीटकर ले जाने के निशान देखकर घरवाले आगे बढ़े तो तेंदुए के पंजों के निशान दिखे। पंजों के निशान के सहारे लोग कुसमहवां कोठी की ओर गए तो झाड़ी में किसान का शव मिला। उप प्रभागीय वनाधिकारी डीएन शुक्ला ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद तेंदुए के हमले से मौत की पुष्टि होने पर किसान के परिजनों को विभाग की ओर से दी जाने वाली मदद दी जाएगी। महंगू के पुत्र रामनयन, रामबचन का कहना है कि तेंदुए के हमले से ही पिता की मौत हुई है।