मिठौरा। सदर कोतवाली थाना क्षेत्र के सड़क टोला स्थित हनुमान मंदिर के सामने सिंदुरिया-निचलौल मार्ग पर रविवार को सुबह दस बजे गोरखपुर डिपो की अनुबंधित बस की चपेट में आने से साइकिल सवार सहित चार लोग घायल हो गए। सदर कोतवाली थानाक्षेत्र के ग्राम सभा मोरवन निवासी विनोद यादव अपने दो पुत्र किशुन (10), रामकरन(5), एवं पुत्री संजना (4)को को साइकिल पर बैठा कर सिंदुरिया आधार कार्ड बनवाने के लिए आ रहे थे। सिंदुरिया के सड़क टोला स्थित हनुमान मंदिर के पास ठूठीबारी से महाराजगंज जा रही बस की चपेट में आने से विनोद यादव एवं उनके तीनों बच्चे दूर जा गिरे। साइकिल बस के नीचे आ गई। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची 100 नंबर पुलिस ने बस को कब्जे में लेकर चौकी पुलिस को सुपुर्द कर दिया। घायलों को सीएचसी मिठौरा पहुंचाया। डॉक्टरों ने विनोद यादव एवं रामकरन को जिला अस्पताल में रेफर कर दिया। वहां दोनों का इलाज चल रहा है।