नोमेंस लैंड के पास से व्यापारी को पुलिस ने बचाया
नेपाल पुलिस की वर्दी में थे अपहरण करने पहुंचे लोग, हाथापाई हुई
अमर उजाला ब्यूरो
नौतनवां (महराजगंज)। भारत-नेपाल सीमा से सटे भारतीय क्षेत्र से एक व्यापारी को अगवा करने के प्रयास को पुलिस ने शुक्रवार को विफल कर दिया। घटना सोनौली कोतवाली थाना क्षेत्र के बरगदही गांव के पास की है। चर्चा है कि सूचना पर पहुंची सोनौली के खनुआ चौकी के पुलिसकर्मियों को हाथापाई तक करनी पड़ी। हालांकि मौका देख अपहरणकर्ता नेपाल भाग गए। चर्चा है कि अपहरणकर्ता नेपाल पुलिस की वर्दी में थे।
शुक्रवार को शाम नेपाल के मर्चवार क्षेत्र में नेपाल पुलिस ने एक व्यक्ति के पास से 40 लाख रुपये बरामद हुए। उसने पूछताछ में बताया कि रुपये महराजगंज जिले के परसामलिक थाना क्षेत्र के निपनिया गांव निवासी तौलन का है। जिसकी सोनौली में मेडिकल स्टोर की दुकान है। नेपाल पुलिस की वर्दी में आए लोगों ने पकड़े गये व्यक्ति से मिले संपर्क नंबर पर निपनिया निवासी तौलन को बरगदही गांव के निकट के सरहद पर पिलर नंबर 524 के पास बुलाया। तौलन शाम करीब चार बजे वहां गया। नेपाल पुलिस की वर्दी में आए लोगों ने उसे सीमा पार करने को कहा, लेकिन तौलन ने उनको भारतीय सीमा में आकर बात करने को कहा। इसके बाद नेपाल पुलिस की वर्दी में पहुंचे लोग भारतीय सीमा में आकर तौलन को जबरिया खींच कर नेपाल ले जाने लगे। जिससे वहां तौलन व उनके बीच हाथापाईभी हुई। इस बीच कुछ ग्रामीणों ने इसकी सूचना खनुआ पुलिस चौकी पर दी। पुलिस पहुंचते देख नेपाल पुलिस की वर्दी में पहुंचे लोग भाग खड़े हुए। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने मौके से पकडे़ गए व्यक्ति तौलन को उसकी बाइक के साथ थाने ले गई। सीओ नौतनवा डॉ. धर्मेंद्र कुमार यादव का कहना है कि मामला संज्ञान में है। मामले की जांच की जा रही है। नेपाल के रूपन्देही एसएसपी दीपक कुमार थापा का कहना है कि मामले में जांच के आदेश दिए गये हैं।