फरेंदा/धानी बाजार (महराजगंज)। चार माह पहले गायब घीवपीढ़ निवासी एक शख्स का कंकाल गांव बाहर तालाब के किनारे मिला। कंकाल के ऊपर कपड़े व स्वेटर के आधार पर परिजनों ने पहचान बड्डू सहानी के रूप में किया। घर के लोग पुलिस को चार माह पहले ही गायब होने का तहरीर दिए थे। जिस पर पुलिस मामले में गुमशुदगी दर्ज कर शांत हो गई थी। बृजमनगंज थाना क्षेत्र के घीवपीढ़ निवासी बड्ड सहानी (40) केला बेचने का व्यापार करता था। वह रोज की भांति 5 दिसंबर 2017 को सिद्धार्थनगर में केला बेचने के नाम पर घर से निकला था। मगर वह कुछ दिन तक घर नहीं आया तो घर के लोगों ने कुछ काम से रूकने की आशंका जाहिर करते इंतजार करने लगे। अगले दिन शाम को गांव के बाहर सिर्फ साइकिल मिलने की सूचना मिली तो पत्नी को किसी अनहोनी की आशंका होने लगी। पत्नी दुर्गावती ने बृजमनगंज थाना में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की जिस पर पुलिस ने मामले में गुमशुदगी दर्ज कर लिया। वृहस्पतिवार की सुबह गांव के कुछ लोग टहलने गए तो कुत्ते किसी कंकाल को घसीट रहे थे। नर कंकाल मिलने की सूचना पर बड्डू सहानी के घर व पत्नी दुर्गावती भी मौके पर पहुंची। पत्नी ने कंकाल के ऊपर स्वेटर व कपड़े के आधार पर शिनाख्त की। घटना स्थल सिद्धार्थनगर के खेसरहा थाना में होने के कारण कंकाल को खेसरहा पुलिस पोस्टमार्टम के लिए ले गई।