पति ने किया पत्नी की हत्या का प्रयास, गम्भीर
अमर उजाला ब्यूरो
कोठीभार। कोठीभार क्षेत्र के ग्राम खेसारारी के टोला देवियापुर में एक महिला के शराबी पति ने धारदार हथियार से गला काटकर हत्या करने का प्रयास किया। महिला की चीख सुनकर जब ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो उसे घायल अवस्था में छोड़ भाग निकला। बाद में ग्रामीणों ने महिला को सिसवा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने स्थिति गंभीर देख जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
सोमवार को अपराहन देवीयापुर निवासी राजेंद्र शराब पीने के लिए घर में रखा गेहूं बेचने जा रहा था, उसकी 30 वर्षीय पत्नी आरती के प्रतिरोध करने पर काफी नाराज हो गया। अपनी पत्नी के विरोध से खार खाए राजेंद्र ने उसे प्रेम से बुलाकर काम के बहाने खेत की तरफ ले गया, जहां एकांत देख उसके ऊपर धारदार हथियार से हमला कर दिया। इसके बाद वह गंभीर होकर वहीं गिर पड़ी। इस दौरान उसे उसकी चीख सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने महिला को अस्पताल पहुंचाया।
आरती अपने पहले पति को छोड़कर राजेंद्र से शादी रचाई थी। राजेंद्र भी अपनी पहली पत्नी को छोड़ इसके साथ रहा था। आरती अपने पहले पति के शराब की लत से आजिज आकर राजेंद्र के करीब आई थी लेकिन यह भी शराबी निकला जिसका खामियाजा उसे इस जानलेवा हमले के रूप में भुगतना पडा।
इस तरह से आरती के दोनों पति शराबी निकल जाने के कारण उसका जीवन नरक बन गया। फिलहाल वह अस्पताल में जीवन एवं मौत के बीच संघर्ष कर रही है।