गन्ने के खेत में मिली युवक की लाश, हत्या की आशंका
24 जुलाई को बारात से हुआ था लापता
अमर उजाला ब्यूरो
निचलौल। थाना क्षेत्र के ग्राम सभा बैदौली में एक गन्ने की खेत में शनिवार की शाम एक युवक की लाश मिली। लोगों ने हत्या की आशंका जाहिर की है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बताया जा रहा है कि चार दिन पहले एक बारात में आया युवक तभी से घर नहीं लौटा था। परिजनों ने इस मामले में मुकामी थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज कराई थी।
बताया गया कि सिसवां के मिस्कारी टोला निवासी 21 वर्षीय पप्पू 21 सप्ताह मामा राजेंद्र के घर बाली गांव आया था। यहां से 24 जुलाई को गांव के ही एक युवक की बारात में ग्राम बैदौली के पहाड़ी टोला चला गया। इसके बाद से ही पप्पू लापता हो गया। तभी से पूरा परिवार उसकी तलाश में जुटा था। मामा ने 26 जुलाई को पुलिस को तहरीर देकर युवक के लापता होने की प्राथमिकी भी दर्ज कराई। शनिवार को बैदौली के पहाड़ी टोला से निकट एक गन्ने की खेत में युवक की लाश देखी गई। युवक दो बहनों का एकलौता भाई था। युवक की मौत से पूरा परिवार सदमे में है। थानाध्यक्ष हरेंद्र मिश्रा का कहना है कि जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की जानकारी हो सकेगी।