निचलौल। लखनऊ में इलाज के दौरान हुई विवाहिता की मौत के मामले में पांडेय वार्ड निवासी पति, सास, ससुर, ननद व देवर समेत सात लोगों के विरुद्ध लड़की के भाई की तहरीर पर दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार भी कर लिया है।
बता दें कि मेहदावल के स्व. बसंतलाल की पुत्री राधिका (24) की शादी एक साल पहले कस्बा निचलौल के पांडेय वार्ड निवासी सोनू पुत्र विंध्याचल की शादी के साथ हुई थी। राधिका के भाई कृष्णमुरारी ने पुलिस को तहरीर दी कि उनकी बहन राधिका को उसके पति, सास, ससुर, ननद व देवर दहेज के लिए प्रताड़ित करते थे। मारपीट कर उसको भूखा कमरे में बंद कर रखते थे। फोन करने पर बात नहीं कराते थे। अनहोनी की आशंका में 5 सितंबर को बहन के घर पहुंचा तो वह कमरे में बेहोश पड़ी थी। इलाज के लिए गोरखपुर ले गया। हालत नाजुक देख डाक्टर ने लखनऊ रेफर कर दिया। लखनऊ में 7 सितंबर को उसकी मौत हो गई। पुलिस ने लड़की के भाई की तहरीर पर उसके पति सोनू, सास, ससुर विंध्याचल, ननद रागिनी व सुनीता तथा देवर घोलू व शिवा के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार भी किया है। थानाध्यक्ष टीपी श्रीवास्तव ने बताया कि दहेज हत्या व मारपीट का मुकदमा दर्ज कर दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है।