सोनौली। नेपाल के लमजुम जिले में पिछले कई सालों से किराने का व्यापार कर रहे बिहार के चार लोग काश्तकारों और बैंकों का करीब दो करोड़ रुपये लेकर फरार हो गए। इसकी शिकायत बैंक कर्मचारियों और व्यापारियों ने पुलिस से की है। हरकत में आई पुलिस ने उनकी खोजबीन शुरू कर दी है। साथ ही फोटो चस्पा कर भारत के प्रमुख नाकों पर उनकी तलाश कर रही है। डीएसपी समीर चंद्र खरेल ने बताया कि दर्जनों बैंक संस्था और व्यापारियों ने भारत के पश्चिम चंपारण नरकटियागंज निवासी सगे भाई राजेश कुमार, बाल कृष्ण, नवीन कुमार और सतीश कुमार के खिलाफ ठगी की शिकायत दर्ज कराई है। चारो नेपाल में कई साल से किराना का व्यापार करते थे और इधर एक सप्ताह से भूमिगत हैं। उनके ऊपर सरकारी- गैर सरकारी संस्था और व्यवसाय से जुड़े दर्जनों लोगों का मिलाकर दो करोड़ रुपये से अधिक की देनदारी है।
नेपाली नागरिक हुआ जहरखुरानी का शिकार
सोनौली। दिल्ली से अपने घर नेपाल जा रहा एक नेपाली नागरिक रोडवेज की बस में जहर खुरानी का शिकार हो गया। सोनौली पहुंचने पर बेहोशी की हालत में बस पार्क के गार्ड ने युवक को डिपो से बाहर फेंक दिया। लावारिस हालात में युवक को सोनौली पुलिस ने उपचार कराकर नेपाल पुलिस को सौंप दिया। बृहस्पतिवार की सुबह गिरिराज महतो निवासी बर्दबास नवल परासी किसी काम से दिल्ली गए थे। लौटते समय गोरखपुर सोनौली के बीच कुछ लोगों ने जहर खिला कर उनका सामान चुरा लिया। बेहोशी की हालत में सोनौली पहुंचने पर उन्हें बस पार्क में तैनात गार्ड ने पुलिस को सूचना देने के बजाय डिपो के बाहर फेंक दिया। काफी देर लावारिस सड़क पर पड़े रहने के बाद राहगीरों की सूचना पर पहुंची सोनौली पुलिस ने युवक का उपचार कराया। होश में आने पर पूछताछ के बाद नेपाल बेलहिया पुलिस को सौंप दिया। बेलहिया पुलिस इंस्पेक्टर राविन बिस्ट ने बताया की पीड़ित के परिजनों को सूचित किया गया है।