लापता व्यापारी का कैम्पियरगंज क्षेत्र में मिला शव
जेब में मिले मोबाइल फोन के आधार पर हुई पहचान
सोमवार से लापता संतोष के मोबाइल की लोकेशन मंगलवार की रात गोरखपुर के तारामंडल व आजाद चौक के आसपास मिली थी
अमर उजाला ब्यूरो
नौतनवां/सोनौली। थाना क्षेत्र के कुनसेवा के रहने वाले व्यापारी संतोष साहू का शव गोरखपुर जिले की कैम्पियरगंज पुलिस ने बरामद किया है। शव बुधवार को दोपहर करीब 12 बजे पनियरा रोड पर रोहिन नदी के किनारे मिली है। जिसे एक ग्रामीण की सूचना पर बरामद किया गया। कारोबारी के शव की शिनाख्त उसकी जेब में मिले मोबाइल फोन से की गई, जो संतोष साहू की बताई गई है। कैम्पियरगंज पुलिस के मुताबिक शरीर पर घाव के कोई निशान नहीं हैं। लाश से दुर्गंध निकल रही है। चेहरा काला पड़ गया है और पैर में जूता चप्पल भी नहीं मिला। सूचना पर सोनौली पुलिस व संतोष साहू के घर वाले कैम्पियरगंज पहुंचे। वहीं दूसरी तरफ कैम्पियरगंज पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
कोतवाल सोनौली विजय राज सिंह ने बताया कि परिजनों ने जेब से मिले मोबाइल फोन के आधार पर संतोष की शिनाख्त की। शव अभी पोस्टमार्टम हाउस में रखा हुआ है। सोमवार की शाम से संतोष साहू नौतनवां कस्बे के खनुवा तिराहे से लापता थे। भाई चंदन साहू की तहरीर पर सोनौली पुलिस की दो टीमें उनकी खोजबीन के लिए तभी से महराजगंज और गोरखपुर दोनों जनपदों के विभिन्न स्थानों पर परिजनों के साथ जुटी हुई थी। पुलिस के अनुसार मंगलवार की रात संतोष के मोबाइल फोन की लोकेशन गोरखपुर के तारामंडल और आजाद चौक के आसपास मिली तो पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंच कर स्थानीय पुलिस से संपर्क साधा। बुधवार की शाम सूचना मिली कि एक अज्ञात व्यक्ति का शव करमैनी घाट पर मिला है। सूचना मिलते ही पुलिस परिजनों के साथ मौके पर रवाना हुई और मोबाइल फोन के शिनाख्त के आधार पर शव की पहचान की। संतोष हत्या के एक मामले में जमानत पर था। करीब पांच साल पूर्व पड़ोस के ही एक युवक की हत्या के आरोप में पुलिस ने उसे जेल भेजा था। अभी वह जमानत पर छूट कर आया था।