महराजगंज। दो दिन पहले अपने ही मकान मालिक पर दुष्कर्म समेत पिता की हत्या और गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कराने और बाद में आरोप से मुकरने वाली युवती को जिला प्रशासन ने बृहस्पतिवार को आसरा आवास का आवंटन किया है।
दरअसल मकान मालिक से विवाद के बाद पीड़िता अपने तीन बहन और भाई के साथ आवास के लिए भटक रही थी। जिसके बाद सदर एसडीएम दिनेश मिश्रा के निर्देश के क्रम में डूडा के कर्मचारियों ने युवती को आवास आवंटित किया है। संत कबीरनगर जिले की मूल निवासी युवती अपने चार बहनों एक छोटा भाई और पिता के साथ शहर के एक वार्ड में भाजपा नेता के घर किराए के मकान में रहती थी। 28 अगस्त को मकान मालिक से विवाद के बाद पिता की तबीयत अचानक बिगड़ गई थी, इसके बाद 31 अगस्त को शहर के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान मृत्यु हो गई। पुलिस ने पिता के शव का पोस्टमार्टम कराया, लेकिन मृत्यु का कारण पता नहीं चल सका जिसके बाद पुलिस ने विसरा प्रिजर्व कर दिया। इधर, मंगलवार को युवती ने अपने ही मकान मालिक पर दुष्कर्म , छोटी बहन से छेड़छाड़ समेत पिता की हत्या के आरोप में मुकदमा दर्ज करा दिया था, लेकिन बुधवार को हुए 164 के बयान में अपने आरोपों से मुकर गई थी।
सदर एसडीएम दिनेश कुमार मिश्रा ने बताया कि पीड़ित परिवार को आश्रय देने के लिए जिला प्रशासन के निर्देश के क्रम में आवास उपलब्ध कराया गया है।