महराजगंज। नगर पंचायत पनियरा के सभासदों ने अधिशासी अधिकारी पर धनउगाही करने और सभासद के आपत्ति करने पर फर्जी तथ्यों पर केस दर्ज कराने का आरोप लगाकर मोर्चा खोल दिया है। सभासद राजू पाल की शिकायत के बाद ईओ ने उन पर केस दर्ज करा दिया, जिसके बाद सभासद मुखर हुए हैं। सोमवार को डीएम से मिलकर ईओ की बर्खास्तगी का ज्ञापन सौंपा।
डीएम को दिए ज्ञापन में सभासदों ने आरोप लगाया कि शहरी आवास के लिए ईओ प्रति आवेदन 5000 रुपये ले रही हैं। रुपये लेकर वह आवास के लिए पात्र और अपात्र होने का निर्धारण कर रही हैं। इसे लेकर सभासद राजू पाल ने शिकायत की तो उन्हें फर्जी मुकदमे में फंसा दिया। इसके बाद वह बेखौफ धमकी दे रही हैं कि अगर उनकी शिकायत किसी ने करने की तो उसका भी हाल राजू जैसा होगा।
इस धमकी से सभी सभासद परेशान हैं। ईओ महिला होने का फायदा उठा रही हैं। क्योंकि सभासद महिला अधिकारी से उलझना नहीं चाहते, लेकिन उनका भ्रष्टाचार अब बड़ा बोझ बन गया है। सभासदों ने ईओ की बर्खास्तगी की मांग की है। ऐसा न करने पर आमरण अनशन की चेतावनी दी है। ज्ञापन देने वालों में सभासद अनीता, सुनीता, अर्चना, राधिका, शर्मीला, रमजान, राजू पाल, संजय शामिल रहे।