कोरोना कर्फ्यू की उड़ने लगीं धज्जियां
महराजगंज। जिले में शुक्रवार को कोरोना कर्फ्यू का कअसर नहीं दिखा। सड़कों पर चहल-पहल कुछ ज्यादा ही रही। बेवजह घूमने वाले 21 लोगों को चालान काटा गया। सक्सेना चौक पर पुलिस लोगों से पूछताछ करने में जुटी रही।
शहर में तमाम दुकानों के शटर गिरे थे। बाहर सड़क पर गाड़ियां खड़ी थीं। देखने से लग रहा था कि दुकान बंद है, लेकिन अंदर खरीदारी चल रही थी। शहर के सक्सेना चौक पर पुलिसकर्मियों ने अनावश्यक आने-जाने वालों से पूछताछ की। उन्हें घरों में रहने की सलाह दी। सोनौली सीमा पर सन्नाटा पसरा रहा। केवल आपातकालीन सेवा के लिए लोगों को एक से दूसरे देख आने-जाने के अनुमति जांच के बाद मिली। सुरक्षा कर्मी सीमवर्ती क्षेत्रों में पैनी नजर रखे रहे। महराजगंज नगर पालिका के अलावा सिसवां, निचलौल, परतावल, फरेंदा, घुघली में भी कोरोना कर्फ्यू का कुछ खास असर नहीं दिखा। सर्विस लेन में गाड़ियों की कतार लगी रही। बैंकों के पास लोगों की भीड़ लगी रही। बैंक में निर्धारित संख्या में ही लोगों को प्रवेश देने की वजह से बाहर लोगों की भीड़ लग जा रही है। अपर जिलाधिकारी कुंज बिहारी अग्रवाल ने बताया कि कोरोना कर्फ्यू के नियम का सख्ती से पालन कराने के निर्देश हैं। इसमें लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। लोगों ने अपील है कि बहुत जरूरत पड़ने पर ही घर से बाहर निकले एवं सामाजिक दूरी का पालन करें।
कस्बे में गैर जरूरी दुकानें खुलीं
ठूठीबारी। कोरोना कर्फ्यू में दुकानों को सुबह 6 से दोपहर 11 बजे तक खोलने की छूट दी गई है। इसकी आड़ में कुछ गैर जरूरत की दुकानें खुल रही हैं। शुक्रवार को कस्बे में कुछ गैर जरूरी दुकानें रहीं। प्रभारी निरीक्षक दिलीप शुक्ला का कहना है कि कोरोना कर्फ्यू का कड़ाई से पालन कराया जा रहा। इसकी अनदेखी करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी।