महराजगंज। नगरवासियों और व्यापारियों के लिए सुविधाएं शहर में बढ़ रही है। वेंडिंग जोन, आधुनिक पार्क लगभग 90 लाख से पूर्ण हुआ। वहीं अब जहां व्यापारियों के लिए शापिंग कॉम्पलेक्स का निर्माण जहां शुरू हो गया है वहीं डिजिटल लाइब्रेरी और बारात घर का प्रस्ताव भी शासन ने स्वीकृत किया है। आने वाले दिनों में सुविधा-सहूलियत में इजाफा दर्ज होगा। फरेंदा रोड पर जिला महिला अस्पताल के बगल में बुद्धा काॅम्प्लेक्स के निर्माण का भूमि पूजन सदर विधायक जय मंगल कन्नौजिया ने किया। कहा कि नगर निकाय के जरिये कराए जा रहे कार्य का लाभ सीधे जनता को मिल रहा है यह हर्ष का विषय है। भूमि पूजन में डीएम अनुनय झा, नगर पालिका अध्यक्ष, ईओ व सभासद मौजूद रहे। बता दें कि नगर पालिका 15 करोड़ रुपये की लागत से तीन मंजिला भवन में 38 दुकानों का निर्माण इस काॅम्प्लेक्स में कराएगा।
हर मंजिल पर लोगों के आवागमन के लिए मध्य में रास्ता निकालकर लोग साइड में बैठ सकें इसके लिए भी इंतजाम रहेगा साथ ही प्रत्येक तल पर महिला व पुरुष के लिए अलग-अलग शौचालय तथा वाटर सप्लाई के जरिए पानी पहुंचाने की व्यवस्था भी रहेगी।
भूतल बेसमेंट का निर्माण कराकर वाहनों के पार्किंग की व्यवस्था भी रहेगी जिससे लोगों को वाहन इधर उधर नहीं खड़ा करना पड़ेगा और वह काम्प्लेक्स में वाहनों को सुरक्षित छोड़कर खरीदारी के लिए जा सकेंगे।