मांगों को लेकर 16 दिन से भूख हड़ताल पर बैठे छात्र
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। ड्रेस कोड समेत विभिन्न मांगों को लेकर भैरहवा में यूनिवर्सल कॉलेज ऑफ मेडिकल साइंसेज में विरोध प्रदर्शन सोमवार को 16वें दिन भी जारी रहा। अस्पताल प्रशासन और छात्रों के बीच मतभेद के कारण शिक्षण और उपचार सेवाएं भी प्रभावित हुई हैं। आंदोलन में भारतीय क्षेत्र के गोरखपुर, बस्ती, देवरिया, संतकबीरनगर समेत अन्य जिलों के छात्र शामिल हैं।
छात्र विभिन्न मांगों को लेकर पिछले 16 दिनों से भूख हड़ताल क्रमिक अनशन पर हैं। कॉलेज प्रिंसिपल डॉ लक्ष्मी पाठक के इस्तीफे की मांग को लेकर भूख हड़ताल पर हैं। छात्रों का कहना है कि कॉलेज प्रशासन समस्या का समाधान करने के बजाय उन्हें तरह-तरह से धमका रहा है। मेडिकल कॉलेज प्रशासन द्वारा ड्रेस कोड अनिवार्य किये जाने के बाद छात्र आक्रोशित हो गए।
कॉलेज प्रशासन ने एमबीबीएस तृतीय, चतुर्थ और पंचम वर्ष और इंटर्न छात्रों के लिए पीली शर्ट और काली पैंट ड्रेस कोड निर्धारित किया है। छात्र ड्रेस कोड को अव्यवहारिक बताते हुए इसमें बदलाव की मांग कर रहे हैं। वहीं ड्रेस नहीं पहनने पर एमबीबीएस अंतिम वर्ष की कक्षाएं रद्द कर दी गईं थी। इसी के विरोध में छात्र विरोध पर उतर आएं हैं। छात्र प्राचार्य के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। छात्रों ने कहा कि पाठक के इस्तीफे तक क्रमिक भूख हड़ताल जारी रहेगी। जबकि छात्र दो सप्ताह से आंदोलन कर रहे हैं, कॉलेज प्रशासन और प्रबंधन बातचीत और उनकी मांगों के समाधान के लिए सकारात्मक नहीं रहे हैं।