महराजगंज। नगर पालिका परिषद महराजगंज में पटरी व्यापारियों के लिए बनाया जा रहा वेंडिंग जोन लगभग तैयार हो चुका है। 25 दुकानों का निर्माण कार्य पूरा हो गया है। पेंटिंग का शेष कार्य इन दिनों युद्धस्तर पर पूर्ण कराया जा रहा है। नगर पालिका की ओर से दीपावली से पहले इसे व्यापारियों को सुपुर्द किया जाएगा। निचलौल रोड पर जाम की समस्या से छुटकारा दिलाने के लिए पटरी व्यापारियों को अन्यत्र दुकान लगाने की जरूरत थी। इसके लिए शासन को प्रस्ताव भेजा गया था जिस पर राज्य आजीविका मिशन की ओर से 33.93 लाख रुपये वेंडिंग जोन निर्माण के लिए स्वीकृत किया गया। नगर पालिका परिषद ने इसका निर्माण एक माह पहले रजिस्ट्री ऑफिस के बगल में और रैन बसेरे के पीछे शुरू कराया।
मुख्य चौराहे के सक्सेना चौक के निकट वेंडिंग जोन बनने से एक साथ कई तरह की दुकानें लगने से जहां लोगों को खरीदारी में आसानी होगी। वहीं व्यापारियों को भी एक निश्चित दुकान मिल जाएगी। वेंडिंग जोन बनने से सबसे महत्वपूर्ण की निचलौल रोड को जाम की समस्या से काफी हद तक निजात मिल जाएगी। नगर पालिका परिषद महराजगंज के अधिशासी अधिकारी आलोक मिश्रा ने बताया कि वेंडिंग जोन में दुकानों का निर्माण कार्य लगभग पूर्ण हो गया है।
शीघ्र ही बनी दुकानों को व्यापारियों के नाम से अलाट कर दिया जाएगा। इससे व्यापारियों को अलग-अलग स्थान पर दुकान लगाने से छुटकारा मिलेगा व जाम की समस्या कम होगी।