बिजली विभाग कार्यालय पर धरने पर बैठे कांग्रेसी।
महराजगंज। स्मार्ट मीटर की खामियों और उपभोक्ताओं पर पड़ रहे आर्थिक बोझ के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बुधवार को अधीक्षण अभियंता कार्यालय, विद्युत उपकेंद्र बैकुंठपुर पर धरना दिया। धरने का नेतृत्व कांग्रेस जिलाध्यक्ष विजय सिंह ने किया।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष विजय सिंह ने स्मार्ट मीटर से जुड़े कई प्रमुख मुद्दों को उठाया। उन्होंने गलत और अत्यधिक बिजली बिल, तकनीकी खराबी, अचानक व अघोषित विद्युत कटौती, नेटवर्क पर अत्यधिक निर्भरता व उपभोक्ता जागरूकता की कमियों की चर्चा करते हुए कहा कि यदि स्मार्ट मीटर की खामियों को दूर नहीं किया गया तो कांग्रेस आन्दोलन करेगी। जिलाध्यक्ष विजय सिंह ने कहा कि विभाग द्वारा लगाए जा रहे स्मार्ट मीटर जनता के लिए राहत के बजाय समस्या का कारण बनते जा रहे हैं। तकनीकी खामियों के कारण मीटर की रीडिंग गलत आ रही है।