महराजगंज। महंगाई और नोट बंदी को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं का विरोध थमने का नाम नहीं ले रहा है। शनिवार को कांग्रेसियों ने नगर के चौराहे पर धरना देकर नोट बंदी से उपजी समस्याओं को लेकर केंद्र सरकार को जमकर कोसा। कहा कि कालाधन लाने के नाम पर देश की जनता को लाइन में खड़ा कर दिया गया है। कांग्रेस नेताओं ने राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन डीएम को दिया।
जिलाध्यक्ष आलोक प्रसाद ने भाजपा के केंद्र सरकार पर जमकर आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि देश की जनता को कालाधन के नाम पर जमकर परेशान किया जा रहा है। प्रधानमंत्री ने जो 50 दिन हालात को काबू करने के लिये मांगे थे वह समाप्त हो गया लेकिन देश की जनता अभी भी बैंक के सामने लाइन में खड़ी है। तराई के इस जिले में भी नोट बंदी से किसान काफी परेशान हैं।
महिला कांग्रेस जिला महासचिव तलत अजीज ने कहा कि दो लोगों को पकड़ने के लिए हजारों लोगों को लाइन में खड़ा कराने को अन्याय बताया। कहा कि कालाधन पकड़ने के नाम पर देश की जनता को समस्याओं के जाल में जकड़ दिया गया है। प्रदेश महासचिव वीरेंद्र चौधरी ने कहा कि जनता का केंद्र सरकार की नीतियों से भरोसा उठ गया है। महंगाई चरम पर पहुंचती जा रही है। रोजमर्रा की वस्तुओं के दाम आसमान छू रहे हैं लेकिन केंद्र सरकार आम जनता की समस्याओं से आंखें बंद कर ली है। पूर्व जिलाध्यक्ष त्रिभुवन नारायण मिश्र भी किसानों की परेशानियों के लिए केंद्र सरकार पर जमकर बरसे।
इस अवसर पर पूर्व जिलाध्यक्ष झिनकू चौधरी, जिला उपाध्यक्ष विनोद तिवारी, उपाध्यक्ष जाहिर खान, गोपाल शाही, अफजल अब्बासी, बिनोद सिंह, प्रदीप पांडेय, शिवेन्द्र सिंह, नूर आलम, विधि नारायण वर्मा, वीरेंद्र पांडेय, विनोद यादव, किरन जायसवाल, ब्लाक अध्यक्ष सिसवा रिजवान अंसारी, ब्लाक अध्यक्ष घनश्याम गुप्ता, बिनय तिवारी, सतेंदु पांडेय देवेंद्र उपाध्य नागेंद्र प्रसाद शुक्ला, राजेंद्र यादव, देवेंद्र उपाध्याय, विजय अंगारा त्रियुगी पटेल, सिराजुद्दीन, अर्जुन सहानी आदि पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।