नौतनवा। ट्रांसपोर्टरों ने खाली ट्रक नेपाल नहीं जाने देने की शिकायत मंगलवार को एसडीएम नवीन प्रसाद से की। एसडीएम को पत्र सौंपकर समस्या का समाधान करने की मांग की।
ट्रांसपोर्टर संतोष पांडेय, शशांक, आकाश, सत्येंद्र, नवनीत, भोला खान, चंदन मिश्रा व अन्य ने बताया कि कई वर्षों से नियमानुसार उनकी खाली ट्रकें नेपाल जाती हैं और स्थानीय व्यापारियों का सामान लेकर लौटती हैं।
विगत कुछ दिनों से सोनौली बॉर्डर पर नेपाल जाने वाले बाहरी मालवाहकों की संख्या अधिक होने से हमारी खाली गाड़ियों को भी नेपाल नहीं जाने दिया जा रहा है। इससे बड़ा संकट उत्पन हो गया है। ट्रांसपोर्टरों ने एसडीएम से कच्चा माल लेकर नेपाल जाने वाली ट्रकों की लाइन में ही उनकी भी खाली गाड़ियों को नेपाल जाने देने की अनुमति दिलाने की मांग की। उपजिलाधिकारी नवीन प्रसाद ने बताया कि ट्रांसपोर्टरों की समस्या से उच्चाधिकारियों को अवगत कराया जाएगा। ताकि जल्द से जल्द समाधान सुनिश्चित किया जा सके।