सिसवा बाजार। सेनानी नगर वार्ड निवासी एक युवक ने जिलापूर्ति अधिकारी समेत अन्य उच्चाधिकारियों को पत्र भेजकर सिसवा गैस एजेंसी पर सिलिंडर वितरण में धांधली का आरोप लगाया है। पत्र में कहा गया है कि उपभोक्ताओं को भी दिन भर गैस गोदाम पर लाइन लगानी पड़ रही है। मगर कोई भी जिम्मेदार इस समस्या को दूर करने के लिए आगे नहीं आ रहा है।
कस्बे के सेनानी नगर वार्ड निवासी संतोष यादव ने ऑनलाइन शिकायती पत्र में आरोप लगाया है कि सिसवा स्थित गैस एजेंसी में उपभोक्ताओं को परेशान किया जा रहा है। उपभोक्ताओं को ओटीपी के बाद डिलीवरी का पर्चा कटने के बाद भी बुक किया हुआ सिलेंडर नहीं देकर ब्लैक में बेच दिया जा रहा है। मामले की शिकायत करने पर कर्मचारी विवाद करने पर आमादा हो जा रहे हैं। गैस गोदाम पर कालाबाजारियों का कब्जा है। शिकायतकर्ता ने मामले की जांच करके अधिकारियों से कार्रवाई करने की मांग की है। इस संदर्भ में गैस एजेंसी के प्रबंधक कमलेश सिंह का कहना है कि आरोप बेबुनियाद हैं। उपभोक्ताओं को नियमानुसार गैस सिलेंडर की आपूर्ति की जा रही है।