पीड़ित ने शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की, दो बार पहले उसी व्यक्ति से बैनामा करा चुका है शिवनाथ
परसामलिक। स्थानीय थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत सेखुआनी टोला शंकरपुर में खेत बैनामा करने के नाम पर छह लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। गांव निवासी शिवनाथ यादव ने परसामलिक थाना व सेवतरी पुलिस चौकी पर शिकायती पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई है।
पुलिस को दिए तहरीर में शिवनाथ यादव ने बताया कि उसने ग्राम पंचायत बभनी निवासी एक व्यक्ति से पूर्व में दो बार खेत का बैनामा कराया था। इसके बाद तीसरी बार खेत खरीदने के लिए उसने छह लाख रुपये नकद दिए थे। तीसरी बार रकम लेने के बाद आरोपी बैनामा करने में हीलाहवाली करने लगा। परेशान होकर जब पीड़ित ने थाना और चौकी पर प्रार्थना पत्र दिया तो दोनों पक्षों के बीच समझौता हुआ।
इस समझौते में आरोपी ने 20 मई तक पूरा पैसा वापस करने का वादा किया था और तय समय पर पैसा न लौटाने की स्थिति में खेत का बैनामा करने की बात स्वीकार की थी। आरोप है कि आरोपी समझौते का पूरी तरह से उल्लंघन कर रहा है। पीड़ित का आरोप है कि कई बार शिकायती पत्र देकर न्याय का गुहार लगाई, मगर पुलिस ने मामले में कोई दिलचस्पी नहीं दिखाई। तंग आकर पीड़ित ने रविवार को फिर से पुलिस के आला अधिकारियों से मामले की जांच कर न्याय दिलाने की गुहार लगाई है। इस संबंध में एसओ विवेक कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है। जांच-पड़ताल कर कार्रवाई की जाएगी।