जिला स्तरीय संपूर्ण समाधान दिवस में आए पीड़ितों ने बताई अपनी व्यथा
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। संपूर्ण समाधान दिवस मेेंं आ रहे पीड़ितों को न्याय के लिए कई बार चक्कर काटना पड़ रहा है। पीड़ितों में आमजन, दिव्यांग अथवा जनप्रतिनिधि, सभी को न्याय के लिए भटकना पड़ रहा है। सभी का कहना है कि न्याय दिलाने के लिए हर बार आश्वस्त किया जाता है, मगर अब तक वह मिल नहीं पाया। इस वजह से बार-बार दौड़ लगानी पड़ती है। शनिवार को सदर तहसील सभागार में जिला स्तरीय संपूर्ण समाधान दिवस में आए पीड़ितों ने कुछ इस प्रकार अपनी समस्याएं बताई।
घुघली थाना क्षेत्र के ग्राम विशुनपुर गबड़ुआं की आशा देवी ने बताया कि गांव की एक जमीन को बगलगीर बिजुली के साथ बैनामा करवाया था। बिजुली ने अपने हिस्से की जमीन पर निर्माण कर लिया। जब उसने निर्माण शुरू कराया तो उसकी ओर से रोका जा रहा है। इसकी शिकायत पहले भी की थी, मगर आश्वासन के सिवाय कुछ नहीं मिलता।
पनियरा थाना क्षेत्र के ग्राम सौरहा के रहने वाले दिव्यांग दुर्गा प्रसाद ने कहा कि उन्होंने गांगी में अपने गांव के कुछ लोगों से जमीन बैनामा लिया हैं। जब वह निर्माण कराने जाता है तो विपक्षी रोकते हैं। पहली शिकायत के बाद मामले में राजस्व कर्मियों की ओर से जांच करते हुए अपनी रिपोर्ट लगाई गई है, मगर विपक्षी उसे मानने को तैयार नहीं हैं। समस्या का निदान नहीं पो रहा है। एक बार फिर जांच का आश्वासन मिला है।
पनियरा ब्लॉक के ग्राम कमासिन खुर्द के प्रधान पन्नेलाल यादव ने कहा कि जलजीवन मिशन के तहत वह नवीन परती की भूमि पर टंकी का निर्माण कराना चाहते हैं। भूमि का सीमांकन हो चुका है, लेकिन राजनीतिक दबाव के चलते उसे बनने नहीं दिया जा रहा है। जमीन पर कुछ लोग अपना अधिकार जता रहे हैं। प्रशासनिक स्तर से भी निराकरण की दिशा में ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
सदर ब्लॉक के ग्राम रामपुर बुजुर्ग के इश्तेखार ने बताया कि उनके घर के पास बने नाली को जबरिया पाट दिया गया। इससे गंदा पानी खेतों में पहुंचकर कई लोगों के फसल को बर्बाद कर रहा है। कई बार समस्या का निदान कराने की मांग की गई, लेकिन अब तक निदान नहीं हो सका है।
...
संपूर्ण समाधान दिवस में आए 169 मामले, 18 का निस्तारण
महराजगंज। जिले की सभी चारों तहसीलों में संपूर्ण समाधान दिवस में कुल 169 मामले आए। इनमें 18 मामलों का मौके पर निस्तारण कर दिया गया। शेष मामलों के निस्तारण के निर्देश दिए गए हैं। सदर तहसील में जिला स्तरीय संपूर्ण समाधान दिवस की अध्यक्षता सीडीओ संतोष कुमार राय ने की। मौके पर आए 31 में से दो मामलों का निस्तारण किया गया। फरेंदा तहसील में एसडीएम मदन मोहन वर्मा की अध्यक्षता में समाधान दिवस में आए 78 मामलों में नौ का मौके पर निस्तारण किया गया। निचलौल तहसील में एसडीएम सत्यप्रकाश मिश्रा की अध्यक्षता में समाधान दिवस में 10 में दो का निस्तारण हुआ। नौतनवां तहसील सभागार में एसडीएम मुकेश कुमार की अध्यक्षता में आए 50 मामलों में पांच का निस्तारण किया गया। संवाद