खासतौर से पानी से जलने वाले दीये की मांग सबसे अधिक, कुछ लाइटें ऐसी भी हैं, जिन्हें रिमोट से भी कंट्रोल किया जा सकता है
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। दिवाली पर्व नजदीक आ रहा है। ऐसे में बाजारों में दिवाली स्पेशल सजावटी सामानों की जमकर बिक्री हो रही है। हर तरफ रंग-बिरंगे झालर, झूमर, स्टील कैंडल, मक्खी लाइट, मोमबत्ती लाइट छाई हुई है। खासतौर से पानी से जलने वाले दीये की मांग सबसे अधिक है। इसके अलावा बाजार में झरने वाली लड़ियां भी लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। इनमें हरे, पीले, नीले, गुलाबी, मल्टी कलर लड़ियां लोगों को अपनी ओर आकर्षित कर रही है। कुछ लाइटें ऐसी भी हैं, जिन्हें रिमोट से भी कंट्रोल किया जा सकता है।
इन दिनों शहर के बाजारों में काफी संख्या में लोग खरीदारी के लिए आ रहे हैं। दूर-दूर से पहुंच रहे लोग दिवाली में अपने घरों को सजाने के लिए सामान खरीद रहे हैं। दिनेश कुमार ने बताया कि इस बार पानी के दीये की मांग अधिक है। इनकी सबसे खास बात यह है कि पानी डालने से ये दीये जल उठते हैं। दीयों की कीमत भी कोई ज्यादा नहीं है। आम दीये के मुकाबले यह सजावट के लिए बेहतर विकल्प है।
विक्रेता विमल पटेल ने बताया कि झरने वाली लड़ियां इस दिवाली विशेष सजावट संबंधी सामान है। यह दिखने में एक दम पेड़ की पत्तियों जैसी लगती हैं। सभी रंग-बिरंगी लड़ियों में एलईडी बल्ब लगे हुए हैं। इस कारण बिजली की खपत कम होती है और रोशनी भी ज्यादा देती है। यह घरों की सुंदरता में चार चांद लगाएंगी।
20 से 30 फीसदी तक बढ़ी कीमतें
दुकानदार सुमित वर्मा ने बताया कि बीते वर्ष की तुलना सभी लाइटें की कीमतों में 20 से 30 फीसदी तक की वृद्धि हुई है। ट्रांसपोर्टिंग व चाइना से लाइट आने से कीमत में इजाफा हुआ है। इसके अलावा स्वदेशी लाइटों की मांग अधिक है। यह टिकाऊ भी है और लोग इसे काफी पसंद भी कर रहे हैं।