महराजगंज। लुढ़कते तापमान व बढ़ती ठंड के कारण बीमार बढ़ रहे हैं। पहले वायरल व फ्लू के बाद अब बढ़ती सर्दी त्वचा रोगों में इजाफा कर रही।
जिला अस्पताल में मंगलवार को सर्दी, जुखाम, बुखार के रोगियों के बाद सर्वाधिक संख्या त्वचा रोगियों की रही। कुल 24 त्वचा रोगियों में सर्वाधिक संख्या महिलाओं की रही। चिकित्सकों ने जांच रिपोर्ट के आधार पर दवाओं के साथ एहतियात के बारे में बताया।
मंगलवार को जिला अस्पताल की ओपीडी में कुल 723 रोगियों का उपचार हुआ। नये रोगी त्वचा रोग लेकर पहुंचे दिखे। चिकित्सकों के मुताबिक मौसम ठंडा होने से लोगों में सोरायसिस व एग्जिमा रोग बढ़ रहा है। डॉ. रंजन मिश्रा ने बताया कि सोरायसिस के शुरुआती लक्षणों में त्वचा पर लाल रंग के चकत्ते या दाद जैसे दिखते हैं। ऐसे रोगियों के हाथ व पैर के नाखून में भी परेशानी होती है। एग्जिमा के कारण त्वचा पर लाल मोटे धब्बे हो रहे जिन पर सफेद रंग की पपड़ियां पड़ रही हैं। इसमें खुजली होती है और अधिक खुजलाने से खून निकलने लगता है और त्वचा सूखी व काली पड़ती है। अधिकतर महिलाएं रोगग्रस्त हो रही हैं। सभी को शरीर की सफाई का विशेष ख्याल रखने की हिदायत के साथ दवा उपलब्ध कराई जा रही। कुछ ऊनी कपड़े एलर्जिक के लिए जिम्मेदार होते हैं ऐसे कपड़ों को सीधे न पहनकर ऊपर से पहनने की सलाह भी दी जा रही है।