शारदीय नवरात्र के अवसर पर गोरखनाथ मंदिर में विशेष पूजा-अनुष्ठानों में शामिल होने के लिए सीएम योगी गोरखपुर पहुंच गए हैं। आज रविवार की शाम अष्टमी के अवसर पर वह विधि-विधान से महानिशा पूजा और हवन करेंगे। इस दौरान लोककल्याण और जनसमृद्धि की कामना की जाएगी। इसके बाद सोमवार को महानवमी पर कन्या पूजन का आयोजन होगा, जबकि मंगलवार को विजयादशमी के अवसर पर वह पारंपरिक शोभायात्रा की अगुवाई करेंगे।
गोरखनाथ मंदिर की परंपरा के अनुसार रविवार को महानिशा पूजा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ विशेष आराधना करेंगे। नवरात्र की प्रतिपदा पर मंदिर स्थित शक्तिपीठ में कलश स्थापना के बाद नियमित पूजन-अनुष्ठान मंदिर के प्रधान पुजारी योगी कमलनाथ संपन्न करा रहे हैं। अष्टमी से विजयादशमी तक गोरक्षपीठाधीश्वर स्वयं प्रमुख धार्मिक अनुष्ठानों में शामिल होंगे।
नौ दुर्गा स्वरूपा कन्याओं के पांव पखारेंगे सीएम
सीएम योगी
- फोटो : अमर उजाला
19 अक्तूबर को पूर्वाह्न 11 बजे गोरक्षपीठ में कन्या पूजन होगा। मुख्यमंत्री नौ दुर्गा स्वरूपा कन्याओं के पांव पखारेंगे और रोली, चंदन, दही व अक्षत से तिलक कर विधि-विधान से पूजन करेंगे। इसके बाद कन्याओं को भोजन कराया जाएगा और दक्षिणा व उपहार देकर उनका आशीर्वाद लिया जाएगा। इस दौरान परंपरा के अनुसार बटुक पूजन भी होगा।
20 अक्तूबर को विजयादशमी पर मुख्यमंत्री गुरु गोरखनाथ की विशिष्ट पूजा-अर्चना करेंगे। इसके बाद गोरखनाथ मंदिर से ऐतिहासिक विजयादशमी शोभायात्रा निकाली जाएगी। शोभायात्रा मानसरोवर मंदिर पहुंचेगी, जहां पूजा-अर्चना के बाद मुख्यमंत्री रामलीला मैदान जाएंगे। वहां प्रभु श्रीराम, माता जानकी, लक्ष्मण और हनुमान का पूजन करने के बाद रामलीला में श्रीराम का राजतिलक करेंगे।
विजयादशमी के अवसर पर मंदिर में पारंपरिक तिलकोत्सव भी आयोजित होगा। इसमें मुख्यमंत्री श्रद्धालुओं को आशीर्वाद देंगे। शाम को पारंपरिक भोज होगा, जिसमें विभिन्न वर्गों के लोग शामिल होंगे। शोभायात्रा को गोरखपुर की धार्मिक और सामाजिक समरसता की परंपरा का प्रमुख प्रतीक माना जाता है।